जिसे अपनी बीवी-मां को दिखाना है दिखाए, मैं नहीं दिखाऊंगा- पत्नी Ridhi Jadhav का चेहरा ढके रहने के सवाल पर बोले Adnaan Shaikh
रियलिटी शो The 50 के कंटेस्टेंट Adnaan Shaikh अपनी पत्नी Ayesha Shaikh यानी Ridhi Jadhav का चेहरा पब्लिकली हमेशा ढके रहने को लेकर जमकर ट्रोल हो रहे हैं. हाल ही में, उनका मॉल में शॉपिंग करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसके बाद वे फिर से सुर्खियों में आ गए हैं.
अदनान शेख
रियलिटी शो The 50 के कंटेस्टेंट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Adnaan Shaikh इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. अदनान को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है, क्योंकि उन्होंने अब तक अपनी पत्नी आयशा शेख ( रिद्धि जाधव) का चेहरा सार्वजनिक रूप से नहीं दिखाया है. हालांकि, हाल ही में एक इंटरव्यू में अदनान ने इस विवाद पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि अपनी पत्नी का चेहरा न दिखाना उनका निजी फैसला है और यह उनके धार्मिक विश्वास से जुड़ा हुआ है.
दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है, जिसमें अदनान शेख अपनी बेगम और बेटे के साथ एक मॉल में ईद की शॉपिंग करते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान आयशा यानी रिद्धि बुर्का पहनकर खरीदारी करतीं नजर आईं, जिस पर लोग जमकर ट्रोल कर रहे हैं. अब अदनान ने 'Let's Talk with Namitaa' को दिए एक इंटरव्यू में इस पर प्रतिक्रिया दी है.
अदनान शेख ने क्या कहा?
- अदनान शेख ने कहा, “यह मेरी जिंदगी है और मेरा फैसला है. जो लोग अपनी पत्नियों या परिवार को सार्वजनिक रूप से दिखाना चाहते हैं, वे दिखा सकते हैं, लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगा.” उन्होंने आगे कहा कि एक पुरुष ही समझ सकता है कि वह किसी महिला को किस नजर से देखता है. अगर औरतों को मालूम पड़ जाएगा कि मर्द कौन सी नजर से देख रहा है तो वो खुद को कवर्ड करके निकलेंगी.
- अदनान ने यह भी कहा कि आजकल कई लोग अपनी बीवियों और मांओं को बेपर्दा करते हैं, सबको दिखाते हैं और छोटे कपड़े पहनाते हैं. हर किसी का नजरिया अलग होता है. उन्हें उन लोगों से कोई दिक्कत नहीं है, जो अलग तरह से जीना चुनते हैं, लेकिन उनके लिए धर्म सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है.
- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने कहा, "ऐ अल्लाह, मुझे ऐसी शोहरत और ऐसी दौलत दे कि मैं अपने ईमान से जुड़ा रहूं." उन्होंने आगे कहा कि शोहरत तो कुछ समय के लिए होती है, जबकि धर्म हमेशा के लिए होता है.
अदनान के इस बयान पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. कुछ लोग उनके विचारों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे पुराना और विवादित नजरिया बता रहे हैं.
कौन हैं रिद्धि जाधव?
अदनान शेख की पत्नी Riddhi Jadhav, जिनका नाम शादी (निकाह) के बाद आयशा शेख हो गया, भी पिछले कुछ समय से चर्चा में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी से पहले वह IndiGo एयरलाइंस में फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर काम करती थीं. बताया जाता है कि रिद्धि मूल रूप से हिंदू थीं. शादी से पहले उन्होंने इस्लाम धर्म अपनाया और अपना नाम आयशा रख लिया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनके इस फैसले का परिवार ने विरोध किया था, जिसकी वजह से उनके परिवार के सदस्य शादी में शामिल नहीं हुए.
धर्म परिवर्तन को लेकर भी हुआ था विवाद
अदनान शेख की शादी 2024 में काफी चर्चा में रही थी. उस समय उनकी बहन Iffat Shaikh ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे और दावा किया था कि रिद्धि ने शादी से पहले इस्लाम कबूल किया था. इस विवाद ने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी थी. हालांकि, अदनान का कहना है कि धर्म परिवर्तन पूरी तरह उनकी पत्नी का व्यक्तिगत फैसला था. उन्होंने कहा कि भारत में हर व्यक्ति को अपने धर्म को चुनने की आजादी है और किसी पर भी धर्म बदलने का दबाव नहीं डाला जा सकता.
मंदिर जाने को लेकर भी वायरल हुआ था दावा
शादी के बाद एक और विवाद तब सामने आया जब अदनान की बहन ने दावा किया कि शादी से पहले रिद्धि जाधव मंदिर जाने को लेकर भी चर्चा में रही थीं. आरोप था कि वह शॉर्ट्स पहनकर मंदिर जाना चाहती थीं. हालांकि इन दावों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.