पेजेशकियान से लेकर अराघची तक, युद्ध के बीच अमेरिका जाएंगे ईरान के बड़े नेता, US ने शॉपिंग को लेकर क्यों दी सख्त चेतावनी, कौन-कौन सी रोक?
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरानी राष्ट्रपति और विदेश मंत्री को अमेरिका ने वीजा दे दिया है, जिसके बाद अगले सप्ताह वे न्यूयॉर्क जाने वाले हैं. हालांकि इस दौरान ईरानी नेताओं पर कुछ पाबंदियां भी रहने वाली है.
Masoud Pezeshkian
अमेरिका और ईरान के बीच अभी पूरी तरह से जंग खत्म नहीं हुई है, लेकिन इस बीच अमेरिका ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान और विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत शीर्ष प्रतिनिधिमंडल को अगले सप्ताह न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की उच्चस्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए वीजा मंजूर कर दिया है.
हालांकि इस दौरान ईरानी नेताओं पर कुछ पाबंदियां भी रहने वाली है. इसके अलावा ईरान का प्रतिनिधित्व मंडल बीते कुछ सालों की तुलना में इस बार छोटा भी रहने वाला है. अमेरिकी विदेश विभाग इसको लेकर जानकारी साझा की है औक पाबंदियों का भी जिक्र किया है.
आखिर क्यों मिला ईरानी नेताओं को वीजा?
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा "मेजबान देश के रूप में अपने दायित्वों के अनुरूप, ईरानी शासन का मुख्य प्रतिनिधिमंडल संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय सप्ताह में भाग ले सकेगा." विभाग ने साफ कहा है कि वीजा दिए जाने का मतलब प्रतिबंधों में छूट नहीं है.
किन-किन चीजों पर रहेगी पाबंदी?
ईरानी अधिकारियों को अमेरिका में रहते हुए सामान्य यात्रियों की तरह स्वतंत्र आवाजाही की अनुमति नहीं होगी. रिपोर्टों के मुताबिक, ईरानी नेताओं पर पहले भी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र परिसर और कुछ निर्धारित स्थानों तक आवाजाही सीमित करने जैसी पाबंदियां लागू रही हैं. इस बार भी प्रतिनिधिमंडल को इन प्रतिबंधों का पालन करना होगा. इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को चीजें खरीदने और कुछ अन्य सामान हासिल करने पर रोक रहेगी.
अमेरिका ने क्यों साधा निशाना?
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने ईरानी अधिकारियों की न्यूयॉर्क यात्रा को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की. उन्होंने कहा "जहां एक ओर आम ईरानी क्रूर दमन, पानी और बिजली की कमी और बढ़ती महंगाई का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शासन के अधिकारी न्यूयॉर्क में जमकर खरीदारी करना चाहते हैं लेकिन ऐसा हमारे रहते नहीं होगा."
क्या पहले भी थी पाबंदियां?
अमेरिका पहले भी संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने पहुंचे ईरानी अधिकारियों पर इस तरह की रोक लगा चुका है. पिछले साल ईरानी राजनयिकों को कॉस्टको जैसे थोक क्लबों में खरीदारी करने से रोका गया था. इसके अलावा आभूषण, शराब और कारों जैसी की वस्तुओं की खरीद के लिए अनुमति की आवश्यकता थी. इस बार भी अमेरिका ने इसी तरह के प्रतिबंधों को जारी रखने की बात कही है.




