Morning Habits: सुबह उठते ही करते हैं ये काम? सेहत के लिए पड़ सकता है भारी
सुबह की शुरुआत में की गई कुछ छोटी गलतियां दिनभर शरीर पर असर डाल सकती हैं. जैसे उठते ही जोरदार एक्सरसाइज करना या लंबे समय तक खाली पेट रहना सेहत के लिए परेशानी बढ़ा सकता है.
अक्सर कहा जाता है कि अगर सुबह की शुरुआत अच्छी हो, तो पुरा दिन अच्छा जाता है. लेकिन ज्यादातर लोग सुबह उठने के बाद तुरंत ऐसी चीजें करते हैं, जो सेहत के लिए सही नहीं होती हैं. देखने में ये छोटी बातें लगती हैं, लेकिन बार-बार ऐसा करने से नींद, डाइजेशन और दिनभर की एनर्जी पर असर पड़ सकता है. खासकर खाली पेट ज्यादा चाय-कॉफी लेने से कुछ लोगों को एसिडिटी या पेट में जलन की शिकायत हो सकती है.
वहीं सुबह उठते ही मोबाइल में घंटों लगे रहने से आंखों पर दबाव पड़ सकता है और दिन की शुरुआत तनाव के साथ हो सकती है. इसलिए सुबह के शुरुआती समय में इन आदतों से दूरी बनाकर पानी पीना, हल्का नाश्ता करना और कुछ देर बिना स्क्रीन के रहना बेहतर ऑप्शन हो सकता है.
उठते ही मोबाइल क्यों नहीं देखना चाहिए?
नींद खुलते ही मोबाइल उठाकर मैसेज, सोशल मीडिया या खबरें देखने से दिमाग पर अचानक काफी जानकारी का बोझ पड़ जाता है. दिन की शुरुआत स्क्रीन के साथ करने से मन जल्दी तनाव और भागदौड़ वाली स्थिति में आ सकता है.
सुबह नाश्ता क्यों करना चाहिए?
ऑफिस या कॉलेज के लिए देर होने पर कई लोग सुबह का नाश्ता ही छोड़ देते हैं. ज्यादा देर तक बिना कुछ खाए रहने से शरीर में सुस्ती, कमजोरी या चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है, इसलिए सुबह हल्का और पौष्टिक नाश्ता करना बेहतर रहता है.
चाय या कॉफी क्यों नहीं पीनी चाहिए?
कई लोगों को सुबह उठते ही चाय या कॉफी पीने की आदत होती है. लेकिन खाली पेट बार-बार कैफीन वाली चीजें लेने से कुछ लोगों को एसिडिटी, पेट में जलन या बेचैनी जैसी दिक्कत महसूस हो सकती है.
सुबह उठते पानी पीना क्यों जरूरी?
नींद के कई घंटों के बाद शरीर को तरल पदार्थ की जरूरत होती है, लेकिन जल्दबाजी में लोग सुबह पानी पीना भूल जाते हैं. दिन की शुरुआत पानी पीकर करने से शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद मिल सकती है.
एक्सरसाइज के नाम पर जरूरत से ज्यादा मेहनत
नींद से जागते ही तुरंत खड़े होकर भागने की आदत भी सही नहीं मानी जाती. खासकर अगर आपको उठते समय चक्कर आते हैं, तो पहले कुछ पल बैठें और फिर धीरे-धीरे खड़े हों. फिट रहने के लिए कसरत अच्छी आदत है, लेकिन बिना शरीर को तैयार किए अचानक बहुत कठिन एक्सरसाइज करना परेशानी पैदा कर सकता है. शुरुआत हल्की स्ट्रेचिंग या वार्मअप से करना बेहतर रहता है.
रोज देर तक सोते रहना
छुट्टी वाले दिन जरूरत से ज्यादा देर तक सोने की आदत आपकी नींद का रूटीन बिगाड़ सकती है. सोने और जागने का समय रोज लगभग एक जैसा रखने की कोशिश करें.




