क्या बेहद आपत्तिजनक 'Mr. Singh' एड ने दिखा दिया असर? अमेरिका में सिख ड्राइवर पर चाकू से 17 बार वार, फिर ऐसे पकड़ा गया हमलावर
अमेरिका में एक सिख ट्रक ड्राइवर पर टॉयलेट के अंदर 17 बार चाकू से हमला हुआ, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई. इस घटना की टाइमिंग उस विवादित ‘Mr Singh’ पोस्ट से जुड़ने के कारण भी चर्चा में है.
अमेरिका के व्योमिंग में एक सिख ट्रक ड्राइवर पर टॉयलेट के अंदर चाकू से हमला कर दिया गया. हमलावर ने ड्राइवर पर एक-दो नहीं, बल्कि 17 बार चाकू से वार किए. गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी ड्राइवर किसी तरह बाहर निकले और वहां मौजूद एक परिवार की मदद से उनकी जान बच सकी. पुलिस ने परिवार से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया.
इस घटना ने इसलिए भी लोगों का ध्यान खींचा क्योंकि कुछ दिन पहले अमेरिका के Department of Homeland Security ने ‘Mr Singh’ नाम से सिख व्यक्ति को दिखाने वाला एक विवादित पोस्ट शेयर किया था. पोस्ट में ट्रक ड्राइवरों और इमिग्रेशन को लेकर मैसेज दिया गया था, जिसे लेकर काफी विरोध हुआ. अब सिख ड्राइवर पर हुए हमले के बाद उस पोस्ट का जिक्र फिर हो रहा है, हालांकि हमले और उस पोस्ट के बीच अभी तक कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है.
कब हुआ सिंह पर हमला?
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 13 सितंबर 2026 की सुबह करीब 3 बजे बिटर क्रीक रेस्ट एरिया में हुई. सिंह लंबी दूरी की यात्रा पर थे और कुछ देर आराम करने के लिए हाईवे किनारे बने इस रेस्ट एरिया में रुके थे. वह बाथरूम गए, तभी एक दूसरा व्यक्ति उनके पीछे अंदर आ गया. इसके बाद उस शख्स ने गर्दन, सीने, हाथ और पसलियों समेत शरीर पर कुल 17 बार चाकू मारे गए. हमला इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आईं. शुरुआती जानकारी में दोनों के बीच पहले किसी बहस या झगड़े की बात सामने नहीं आई है.
किसने की सिंह की मदद?
गंभीर चोट लगने के बाद भी सिंह किसी तरह बाथरूम से बाहर निकल आए. बाहर आते ही उनकी तबीयत और बिगड़ गई और वह वहीं गिर पड़े. इसी दौरान रेस्ट एरिया में मौजूद एक परिवार ने उन्हें देखा और मदद के लिए आगे आया. परिवार ने पुलिस और मेडिकल टीम तक पहुंचने में उनकी मदद की. परिवार ने संदिग्ध के ट्रक की कुछ जानकारी भी नोट कर ली थी. यही जानकारी बाद में पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में काफी मददगार साबित हुई.
क्या अस्पताल में हैं सिंह?
हमले के बाद सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं. सिंह पिछले करीब तीन साल से कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे हैं. इस घटना के बाद उन्होंने दूसरे पंजाबी और सिख ट्रक ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है. अमेरिका में लंबी दूरी तक ट्रक चलाने वाले ड्राइवरों को रास्ते में हाईवे के रेस्ट एरिया में रुकना पड़ता है. ऐसे में इस घटना ने इन जगहों पर ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या आरोपी पकड़ा गया?
हमले के बाद संदिग्ध अपने ट्रक से वहां से फरार हो गया. रेस्ट एरिया में मौजूद परिवार ने उसके ट्रक की पहचान से जुड़ी जानकारी पुलिस को दे दी. इसके आधार पर व्योमिंग हाइवे पैट्रोल ने ट्रक की तलाश शुरू की. कुछ समय बाद पुलिस ने Rawlins के पास ट्रक को रोक लिया. यह जगह हमले वाली जगह से करीब 70 मील यानी लगभग 113 किलोमीटर दूर बताई गई है. पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया. उसकी पहचान Andrew Kris Bzdak के रूप में हुई है. उसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है. रिपोर्ट्स में उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर की कोशिश से जुड़ा आरोप बताए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होगी, यह अदालत की प्रक्रिया के बाद तय होगा.
क्या है DHS का ‘Mr Singh’ पोस्ट?
घटना से कुछ दिन पहले DHS के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक AI से बनाया गया ग्राफिक पोस्ट किया गया था. यह पोस्ट ‘Transformers: Age of Deportations’ नाम की फिल्म के पोस्टर की तरह बनाया गया था. इसमें एक बड़े Transformer के सामने पगड़ी पहने एक सिख व्यक्ति को दिखाया गया था, जिसे ‘Mr Singh’ नाम दिया गया था. पोस्ट में ट्रक ड्राइविंग और अमेरिका छोड़ने से जुड़ी बातें लिखी गई थीं. इस पोस्ट को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई. कांग्रेस सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने भी इसकी आलोचना करते हुए कहा कि सरकारी मैसेज में किसी धर्म या पहचान को निशाना बनाने वाली तस्वीरों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए.




