अमेरिका ने ईरान की सैन्य ताकत पर किया सीधा वार, एयर डिफेंस से मिसाइल सिस्टम तक जानें किन-किन जगहों को बनाया निशाना? Detail
होर्मुज में तीन कमर्शियल जहाजों पर हमले के आरोप के बाद अमेरिका ने ईरान पर कई सैन्य हमले किए. इन हमलों में यूएस ने तेहरान की कई अहम साइट्स को निशाना बनाया है.
अमेरिका ने बुधवार तड़के ईरान पर कई सैन्य हमले किए. इससे पहले अमेरिका ने ईरान पर आरोप लगाया था कि उसने होर्मुज (Strait of Hormuz) से गुजर रहे तीन कमर्शियल जहाजों पर हमला किया. वहीं, ईरानी सरकारी मीडिया ने देश के दक्षिणी हिस्सों में कई धमाकों की खबर दी है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अमेरिकी सेंट्रल कमांड (US Central Command) ने कहा कि उसकी सेना ने ईरान के खिलाफ "शक्तिशाली हमलों की एक सीरीज" शुरू कर दी है, ताकि कमर्शियल जहाजों पर कथित हमलों की कीमत ईरान को चुकानी पड़े.
यूएस सेंट्रल कमांड ने क्या कहा?
यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा, "अमेरिकी हमले उन तीन कमर्शियल जहाजों पर ईरान के हमलों के जवाब में किए गए हैं, जो होर्मुज से गुजर रहे थे. ईरान की यह आक्रामक कार्रवाई बिना किसी उकसावे के की गई, बेहद खतरनाक थी और युद्धविराम का साफ उल्लघन है."
ईरान की किन जगहों को बनाया निशाना?
रॉयटर्स से पहचान गुप्त रखने की शर्त पर बात करने वाले एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान पर किए गए ताजा हमलों में उसके एयर डिफेंस सिस्टम, तटीय निगरानी प्रणाली, सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, जहाज रोधी क्रूज मिसाइलें और ड्रोन लॉन्च साइट्स को निशाना बनाया गया.
ईरानी मीडिया ने क्या कहा?
इस बीच, ईरानी सरकारी मीडिया ने दक्षिणी ईरान में कई धमाकों की जानकारी दी. सरकारी मीडिया के अनुसार, दक्षिणी शहर सीरिक (Sirik) में सात धमाकों की आवाज सुनी गई. ईरानी मीडिया ने यह भी बताया कि सीरिक के ताहेरूई पियर (Taheroui Pier) इलाके में छह प्रोजेक्टाइल गिरे. इसके अलावा, ईरानी मीडिया ने बताया कि दक्षिणी ईरान के क़ेश्म द्वीप (Qeshm Island) और बंदर अब्बास (Bandar Abbas) में भी धमाकों की आवाज सुनाई दी.
ईरान पर हुए अमेरिकी हमले में कोई घायल हुआ?
बाद में ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि सीरिक के वाणिज्यिक बंदरगाह पर एक "दुश्मन के प्रोजेक्टाइल" के गिरने से उसके छर्रे लगने के कारण कई लोग घायल हो गए. सरकारी टेलीविजन ने यह भी कहा कि बंदर अब्बास और क़ेश्म द्वीप की स्थिति सामान्य हो गई है, हालांकि सीरिक में धमाकों की आवाजें लगातार सुनाई देती रहीं. रिपोर्टों के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन अमेरिका के हमलों के बाद इराक से ईरान के लिए रवाना हो गए हैं.
अमेरिका के ये हमले मंगलवार को होर्मुज में तीन तेल टैंकरों पर हुए हमलों के बाद किए गए. ब्रिटिश सेना ने कहा कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग में तीन टैंकर प्रोजेक्टाइल की चपेट में आए थे.
UN के समुद्री संगठन IMO ने क्या कहा?
संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के अनुसार, अप्रैल के आखिर के बाद यह पहला मौका है जब एक ही दिन में इतने अधिक जहाजों पर हमले हुए हैं. इन नए हमलों से होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली समुद्री आवाजाही प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है. ऐसे समय में यह घटनाक्रम हुआ है जब कई देश समुद्री व्यापार को सामान्य बनाने और युद्ध से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़े दबाव को कम करने की कोशिश कर रहे हैं.
टैंकरों पर हमले के कुछ घंटों बाद अमेरिका ने पिछले महीने ट्रेजरी विभाग द्वारा जारी 60 दिनों के उस लाइसेंस को रद्द कर दिया, जिसके तहत ईरानी तेल पर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों में छूट दी गई थी. एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि होर्मुज में ईरान की कार्रवाई अस्वीकार्य थी, इसलिए उसके परिणाम जरूरी थे. अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर एसोसिएटेड प्रेस (AP) को यह जानकारी दी.
क्या ईरान ने पानी के जहाजों को बनाया था निशाना?
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) सेंटर के अनुसार, ओमान के तट के पास एक टैंकर पर प्रोजेक्टाइल लगने के बाद उसमें आग लग गई थी. वहीं, ईरानी सरकारी टेलीविजन ने कहा था कि LNG ले जा रहे इस टैंकर ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया था, जिसके बाद उस पर हमला हुआ. हालांकि, ईरान ने सीधे तौर पर इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली. ब्रिटिश समुद्री एजेंसी ने बताया कि बाकी दो जहाजों को भी नुकसान पहुंचा, लेकिन उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी. इन दोनों जहाजों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
ईरान का होर्मुज को लेकर क्या नियम है?
तेहरान पहले भी कई बार कह चुका है कि होर्मुज में केवल वही समुद्री मार्ग सुरक्षित है, जिसे उसने मंजूरी दी है. इससे पहले भी ओमान के तट के करीब स्थित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने वाले जहाजों पर हुए हमलों के पीछे ईरान पर संदेह जताया जाता रहा है. ब्रिटिश एजेंसी द्वारा जारी लोकेशन के अनुसार, तीनों हमले ओमान या उसके पड़ोसी संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के तट के पास हुए. इससे संकेत मिलता है कि ये जहाज ओमान के नजदीक वाले समुद्री मार्ग से गुजर रहे थे.
क्या अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है?
यह ताजा तनाव ऐसे समय में बढ़ा है जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिलहाल रुकी हुई है. अमेरिका, ईरान के साथ ऐसी वार्ता जारी रखना चाहता है जिसका उद्देश्य होर्मुज को पूरी तरह खोलना, तेहरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम को पीछे हटाना और 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध का स्थायी अंत सुनिश्चित करना है. हालांकि, अंतरिम समझौता अब दबाव में नजर आ रहा है.




