अमेरिका-ईरान समझौते के बाद भारत के लिए क्या बदलने वाला है? रुपये से लेकर तेल की कीमतों तक, इन 10 चीजों पर पड़ेगा सीधा असर
अमेरिका और ईरान शांति समझौते के बेहद करीब है. अगर पीस डील हो जाती है और होर्मुज खुलता है तो भारत को कई मोर्चों पर इसका फायदा होने वाला है. 10 प्वाइंट्स में जानें पूरी डिटेल
करीब चार महीने तक पश्चिम एशिया में जारी तनाव, ऊर्जा आपूर्ति में बाधा और वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता के बाद अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते ने दुनिया को राहत की उम्मीद दी है. पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थता में तैयार हुए इस समझौते के तहत होर्मुज को फिर से खोलने और ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नाकाबंदी समाप्त करने की बात कही गई है. यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पूरी दुनिया तेल और गैस आपूर्ति को लेकर चिंतित थी.
भारत के लिए यह समझौता विशेष महत्व रखता है क्योंकि देश अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर पश्चिम एशिया पर निर्भर है. संघर्ष के दौरान बढ़ी तेल कीमतों, महंगाई के दबाव और सप्लाई चेन की चुनौतियों के बीच भारत को वैकल्पिक स्रोतों की तलाश करनी पड़ी थी. ऐसे में यदि यह समझौता लंबे समय तक टिकता है तो भारतीय अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार के लिए कई सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं.
भारत पर क्या होगा असर?
1. तेल और गैस की कीमतों में राहत मिल सकती है
होर्मुज जलडमरूमध्य के दोबारा खुलने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है, जिससे कच्चे तेल और एलएनजी की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है.
2. महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी
तेल की कीमतें घटने पर परिवहन और उत्पादन लागत कम होगी, जिससे देश में महंगाई के जोखिम कम हो सकते हैं.
3. रुपये पर दबाव घट सकता है
ऊर्जा आयात बिल कम होने से भारत का विदेशी मुद्रा व्यय घटेगा, जिसका पॉजीटिव असर रुपये की स्थिरता पर पड़ सकता है.
4. ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी
भारत अपनी लगभग 50% कच्चे तेल, 70% एलपीजी और 90% एलएनजी जरूरतों के लिए पश्चिम एशिया पर निर्भर है. क्षेत्र में स्थिरता ऊर्जा आपूर्ति को अधिक सुरक्षित बनाएगी.
5. शिपिंग और व्यापार सामान्य होने की उम्मीद
होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही सामान्य होने पर माल ढुलाई लागत और डिलीवरी समय दोनों में सुधार हो सकता है.
6. ईरान से तेल आयात दोबारा शुरू होने की संभावना बढ़ेगी
यदि भविष्य में अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील मिलती है तो भारत फिर से ईरानी कच्चे तेल की खरीद शुरू कर सकता है, जिससे ऊर्जा स्रोतों में विविधता आएगी.
7. चाबहार पोर्ट परियोजना को गति मिल सकती है
अमेरिका-ईरान संबंधों में सुधार होने पर भारत के लिए रणनीतिक चाबहार बंदरगाह परियोजना पर काम आगे बढ़ाना आसान हो सकता है.
8. इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर (INSTC) को फायदा
ईरान में स्थिरता आने से भारत, ईरान, मध्य एशिया और यूरोप को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण व्यापारिक गलियारे को मजबूती मिल सकती है.
9. वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटेगी
संघर्ष के दौरान भारत को वेनेजुएला जैसे दूरस्थ बाजारों से ऊर्जा खरीदनी पड़ी थी. हालात सामान्य होने पर ऐसी मजबूरी कम हो सकती है.
10. भारत की कूटनीतिक स्थिति और मजबूत हो सकती है
अमेरिका, इजराइल, ईरान और अरब देशों के बीच संतुलन बनाए रखने की भारत की नीति को इस समझौते के बाद एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में देखा जा सकता है.




