Begin typing your search...

क्या जेलेंस्की के साथ ट्रंप और मस्क ने कर दिया खेल, स्टारलिंक के बाद स्टारशिल्ड ने भी दिया धोखा, जंग में यूक्रेन के ड्रोन पत्तों की तरह गिरे

रूस के खिलाफ जंग में एकबार फिर से यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की को बड़ा झटका लगा है. रिपोर्ट के मुताबिक स्टारशील्ड में आई रुकावट के कारण कई यूक्रेनी ड्रोन नीचे गिरने लगे. जिससे यूक्रेन को 10 लाख डॉलर से ज्यादा के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.

Ukraine Russia War
X

Ukraine Russia War

( Image Source:  ANI, X/@Kalshi, X/@WatcherGuru )

लंबे समय से रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है, जंग के चलते दोनों देशों को भारी नुकसान भी उठाना पड़ा है. इस जंग में अमेरिका पर्दे के पीछे से यूक्रेन की सैन्य हथियार, खुफिया जानकारी और आर्थिक सहायता के जरिए मदद कर रहा है. हालांकि अब ऐसा लग रहा है कि अमेरिका ने जेलेंस्की के साथ खेल कर दिया. द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) द्वारा फंडेड सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारशील्ड में आई रुकावट के कारण कई यूक्रेनी ड्रोन का जमीन पर मौजूद पायलटों से संपर्क टूट गया. इसके चलते कई ड्रोन हवा में ही गिर गए और यूक्रेन को 10 लाख डॉलर से अधिक के हथियारों का नुकसान हुआ. कनेक्टिविटी की समस्या के कारण एक यूक्रेनी सैन्य इकाई को तीन दिनों तक लगभग सभी अभियान रोकने पड़े.

इस घटना ने यूक्रेन और अमेरिका के बीच संबंधों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. यूक्रेनी अधिकारियों को शक है कि ड्रोन की इंटरनेट सेवा पर लगी पाबंदियां राजनीतिक वजहों से हो सकती हैं. हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने जानबूझकर यूक्रेन की सैन्य मदद रोकने या सैटेलाइट सेवा में बाधा डालने के आरोपों से इनकार किया है.

स्टारशील्ड में रुकावट से कैसे गिरे यूक्रेनी ड्रोन?

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह यूक्रेन के दर्जनों हथियारबंद ड्रोन रूसी सैन्य ठिकानों की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान उनके वीडियो फीड में अचानक परेशानी आने लगी और जमीन पर मौजूद पायलटों से उनका संपर्क टूट गया. स्टारशील्ड के जरिए मिलने वाला सैटेलाइट इंटरनेट कनेक्शन बाधित होने के कारण कई ड्रोन नियंत्रण से बाहर होकर आसमान से गिर गए.

ड्रोन की स्पीड पर पाबंदी से कैसे बढ़ी परेशानी?

रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती दौर में कनेक्टिविटी की समस्या इतनी गंभीर थी कि यूक्रेनी ड्रोन करीब 40 मील प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ते समय भी अपना संपर्क खो रहे थे. बाद में सेवा में सुधार हुआ, लेकिन यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि 100 मील प्रति घंटे से अधिक की गति पर उड़ने वाले ड्रोन में भी रुकावटें आती रहीं. इन पाबंदियों का असर सभी ड्रोन पर एक जैसा नहीं पड़ा. कुछ मॉडल कम गति पर भी सामान्य रूप से काम कर सकते हैं, जबकि दूसरे ड्रोन को अपने लक्ष्य तक पहुंचने और उस पर हमला करने के लिए अधिक रफ्तार की जरूरत होती है.

इंटरसेप्टर सिस्टम पर क्या हुआ असर?

स्टारशील्ड कनेक्टिविटी की समस्या का असर केवल रूस पर हमला करने वाले यूक्रेनी ड्रोन तक सीमित नहीं रहा. यूक्रेनी कमांडरों ने बताया कि रूसी ड्रोन को रोकने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इंटरसेप्टर सिस्टम भी इससे प्रभावित हुए. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने ड्रोन की गति पर लगाई गई सीमा को लेकर चिंता जताई. उनके मुताबिक, इस तरह की पाबंदियों से इंटरसेप्टर सिस्टम के संचालन में बाधा आ सकती है. इससे यूक्रेन के लिए रूसी हवाई हमलों से अपने शहरों और नागरिकों की रक्षा करना और मुश्किल हो सकता है.

जेलेंस्की और ट्रंप के बीच क्यों बढ़ा तनाव?

रिपोर्ट के अनुसार, स्टारशील्ड में आई रुकावटों को लेकर यूक्रेन और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ा है. यूक्रेनी अधिकारियों ने सवाल उठाया है कि क्या ये पाबंदियां राजनीतिक कारणों से लगाई गईं. उन्हें शक है कि डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने रूसी तेल रिफाइनरियों पर यूक्रेन के हमलों से नाराज होकर यह कदम उठाया हो, ताकि यूक्रेन पर जंग खत्म करने के लिए रियायतें देने का दबाव बनाया जा सके. यूक्रेन ने अमेरिकी सैन्य खुफिया जानकारी साझा करने में कमी, अमेरिकी इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति में देरी और रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों को लेकर मिलने वाली शुरुआती चेतावनी प्रणाली में रुकावट की भी शिकायत की है.

स्टारशील्ड और स्टारलिंक में क्या अंतर है?

स्टारशील्ड एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की स्टारलिंक तकनीक से जुड़ी सैन्य स्तर की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा है. इसे सैन्य जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. यूरोपीय देश यूक्रेन को स्टारशील्ड तक पहुंच उपलब्ध कराने के लिए भुगतान करते हैं, लेकिन यह सेवा सभी यूक्रेनी सैनिकों को उपलब्ध नहीं है. यूक्रेन की कई सैन्य इकाइयां ड्रोन संचालन के लिए स्टारशील्ड पर निर्भर हैं, जबकि सामान्य संचार के लिए स्टारलिंक के कनेक्शन का इस्तेमाल किया जाता है. रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेनी अधिकारियों ने स्टारशील्ड और स्टारलिंक, दोनों सेवाओं में कनेक्टिविटी धीमी होने की शिकायत की है.

अगला लेख