तिब्बत में कुदरत का कहर, 7.0 तीव्रता के भूकंप से कांपी धरती, 16 की मौत, दर्जनों घायल- देखें दिल दहला देने वाले 5 वीडियो
तिब्बत में 7.0 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही हुई है. हादसे में 16 लोगों की मौत और 46 लोग घायल हुए हैं. अब सोशल मीडिया पर इस भूकंप के वीडियो सामने आए हैं.
चीन के तिब्बत क्षेत्र में 7.0 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी नुकसान हुआ है. चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इस भूकंप में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. भूकंप स्थानीय समय के अनुसार कल शाम आया था. इसके बाद प्रभावित इलाके में राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया.
भूकंप के तुरंत बाद स्थानीय बचाव दलों को शिजांग क्षेत्र के नागचू शहर की बाछेन काउंटी में भेजा गया. बाछेन काउंटी के अग्निशमन और बचाव दल की आठ कर्मियों वाली एक शुरुआती टीम दो वाहनों के साथ मौके पर पहुंची. इस टीम ने मलबे में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला.
इसके बाद शिजांग अग्निशमन और बचाव कोर ने बड़े स्तर पर राहत अभियान शुरू किया. भूकंप प्रभावित क्षेत्र में कुल 347 बचावकर्मियों, 82 अग्निशमन वाहनों और खोज एवं बचाव कार्य में मदद करने वाले 15 कुत्तों को तैनात किया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो?
तिब्बत में आए इस भूकंप के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिसमें लोग घरों से बाहर भागते दिखाई दे रहे हैं. वहीं कुछ वीडियो में घर और दुकानों में रखा हुआ सामान हिलता हुआ दिखाई दे रहा है.
सरकार क्या उठा रही है कदम?
बचाव अभियान के लिए 4,200 से अधिक उपकरण और रसद सहायता से जुड़ी 9,400 से ज्यादा वस्तुएं भी भेजी गईं, ताकि प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाई जा सके. चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, अधिकारी भूकंप से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और आपदा राहत का काम जारी है.
वहीं, चीन के सरकारी टेलीविजन चैनल CCTV ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि भूकंप में 46 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 11 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है.
CCTV की ओर से जारी वीडियो में भूकंप के दौरान अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिल रहा है. वीडियो में देखा गया कि झटके महसूस होते ही रेस्तरां में मौजूद कर्मचारी बाहर की ओर भागने लगे. वहीं, सुपरमार्केट में रखी चीजें भी अलमारियों से नीचे गिरने लगीं.
कहां था भूकंप का केंद्र?
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र एक पहाड़ी इलाके में था. यह स्थान नागचू शहर से लगभग 190 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और क्षेत्रीय राजधानी ल्हासा से करीब 390 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है. भूकंप जमीन के अंदर लगभग 10 किलोमीटर की कम गहराई पर आया था. कम गहराई पर आने वाले भूकंप सतह पर तेज झटके पैदा कर सकते हैं और आसपास के इलाकों में नुकसान पहुंचा सकते हैं.
शिन्हुआ के अनुसार, भूकंप के कारण बिजली और दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित हुईं. अधिकारियों की ओर से नुकसान का आकलन करने और राहत कार्य जारी रखने की प्रक्रिया चल रही है.
क्या पहले भी आ चुके ऐसे भूकंप?
तिब्बत और चीन के कई दूसरे इलाकों में भूकंप आना आम बात है. इससे पहले भी इस क्षेत्र में कई बड़े भूकंप भारी तबाही मचा चुके हैं. जनवरी 2025 में तिब्बत के ग्रामीण तिंगरी काउंटी में आए भूकंप में कम से कम 126 लोगों की मौत हो गई थी. इस घटना में भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था.
दिसंबर 2023 में उत्तर-पश्चिमी चीन के दूरदराज के गांसू प्रांत में आए भूकंप में सरकारी मीडिया के मुताबिक, कम से कम 127 लोगों की जान चली गई थी. यह चीन में 2014 के बाद सबसे ज्यादा मौतों वाला भूकंप था. साल 2014 में चीन के दक्षिण-पश्चिमी युन्नान प्रांत में आए भूकंप में 600 से अधिक लोगों की मौत हुई थी. इससे पहले, साल 2008 में सिचुआन प्रांत में आए भीषण भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी. इस आपदा में करीब 90,000 लोग मारे गए या लापता हो गए थे. इनमें लगभग 5,000 स्कूली बच्चे भी शामिल थे.




