US-ईरान छोड़िए, अब पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच होगा युद्ध! तालिबान ने दे डाली चेतावनी
पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान के 17 लोगों की मौत हो गई है. जिसके बाद अब अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दे डाली है.
Pakistan-Afghanistan Tension
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. आधी रात को पाकिस्तान ने कथित तौर पर सीजफायर समझौते का उल्लंघन करते हुए अफगानिस्तान में सात अलग-अलग स्थानों पर हवाई हमले किए. इन हमलों के बाद सीमा पर हालात बेहद संवेदनशील हो गए हैं और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. जहां एक तरफ अमेरिका ने पहले से ही मिडिल ईस्ट में ईरान की घेराबंदी कर रखी है वहीं अब एशिया नें पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच युद्ध की आहट सुनाई देने लगी है.
इन हमलों का सबसे पहला निशाना अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के बारमाल शहर में स्थित एक मदरसा बताया जा रहा है, जहां हमले में कई धार्मिक किताबें जलकर नष्ट हो गईं. अफगान तालिबान ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन करार देते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
कहां तक हुए हमले?
सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी अफगानिस्तान में कुल सात ठिकानों को निशाना बनाया गया. इन हमलों में कम से कम 28 टीटीपी लड़ाकों के मारे जाने की पुष्टि की गई है. अफगान तालिबान से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि अधिकारी हमलों से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं और विस्तृत जांच जारी है. उन्होंने पाकिस्तान पर अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर अफगान संप्रभुता पर हमला है.
क्या अब तालिबान करेगा पाक पर हमला?
तालिबान के करीबी सूत्र ने स्पष्ट कहा, “पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है. हम सऊदी अरब, कतर और तुर्किये सहित सभी मध्यस्थों को इसकी जानकारी दे रहे हैं. हम सही समय पर पलटवार करेंगे.”
हमलों के बाद तालिबान नेतृत्व ने काबुल और कंधार में आपात बैठकें बुलाई हैं. शीर्ष नेताओं ने मौजूदा स्थिति पर चर्चा करते हुए संभावित रणनीति पर विचार-विमर्श किया है. तालिबान का कहना है कि उसे जवाबी कार्रवाई का पूरा अधिकार है.
पाकिस्तान ने क्यों किया हमला?
पाकिस्तान ने हालिया आतंकी घटनाओं के बाद कड़ा रुख अपनाया है. रमजान की शुरुआत के दौरान हुए हमलों और दो सप्ताह पहले इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए सुसाइड बॉम्बिंग के बाद पाकिस्तान ने सख्त चेतावनी दी थी कि वह अफगानिस्तान से संचालित किसी भी हमले का जवाब जरूर देगा.
पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल टीटीपी आतंकवादियों को पनाह देने और सीमा पार हमलों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा है. हालांकि अफगानिस्तान ने इन आरोपों को बार-बार खारिज किया है.




