सीनेट ने खींची लक्ष्मण रेखा: क्या ट्रंप अब भी ईरान पर हमला कर सकते हैं या कांग्रेस ने रोक दिया युद्ध का रास्ता?
सीनेट के वॉर पावर्स प्रस्ताव ने ट्रंप की ईरान नीति पर नई बहस छेड़ दी है। जानिए क्या राष्ट्रपति अब भी हमला कर सकते हैं या कांग्रेस ने युद्ध की सीमा तय कर दी है.
अमेरिकी सीनेट ने 23 जून 2026 को एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की शक्तियों पर अंकुश लगाने वाला वॉर पावर्स रेजोल्यूशन पारित कर दिया. 50 के खिलाफ 48 के बेहद करीबी मतों से पारित इस प्रस्ताव ने वॉशिंगटन में एक बड़ा संवैधानिक और राजनीतिक सवाल खड़ा कर दिया है. क्या अब ट्रंप ईरान पर दोबारा हमला कर सकते हैं या कांग्रेस ने युद्ध का रास्ता बंद कर दिया है?
असल में यह प्रस्ताव राष्ट्रपति को निर्देश देता है कि कांग्रेस की स्पष्ट मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई न की जाए और यदि अमेरिकी सेना किसी सैन्य संघर्ष में शामिल है तो उसे वापस बुलाया जाए. इससे पहले प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) भी ऐसा ही प्रस्ताव पारित कर चुकी थी.
पहली बार अमेरिकी इतिहास में दोनों सदनों ने मिलकर किसी राष्ट्रपति की ईरान नीति पर इस तरह की रोक लगाने की कोशिश की है, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती.
क्या ट्रंप के हाथ बंध गए?
अमेरिकी कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि सीनेट और हाउस से पारित यह प्रस्ताव राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन इसकी कानूनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. 1973 के वॉर पावर्स एक्ट के तहत कांग्रेस ने राष्ट्रपति की युद्ध संबंधी शक्तियों को सीमित करने की कोशिश की थी, लेकिन बाद के न्यायिक फैसलों और व्हाइट हाउस की व्याख्याओं ने इस पर सवाल खड़े किए हैं.
व्हाइट हाउस पहले ही कह चुका है कि यह प्रस्ताव “कानूनी रूप से बाध्यकारी नहीं” है. ट्रंप ने इसे “बेकार” और “गलत समय पर लाया गया कदम” बताया है. उनका तर्क है कि राष्ट्रपति के रूप में राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मरक्षा के मामलों में उनके पास संवैधानिक अधिकार बने हुए हैं.
फिर कांग्रेस ने हासिल क्या किया?
कांग्रेस ने ट्रंप को सीधे नहीं रोका, लेकिन उनके लिए राजनीतिक और संवैधानिक दबाव जरूर बढ़ा दिया है. अगर भविष्य में ट्रंप ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करते हैं, तो अब उनके सामने कांग्रेस का स्पष्ट विरोध मौजूद रहेगा. युद्ध के लिए धन आवंटन, सैन्य बजट और अतिरिक्त सैन्य अधिकारों जैसे मुद्दों पर कांग्रेस प्रशासन को घेर सकती है. यही कारण है कि इस प्रस्ताव को कई विश्लेषक “प्रतीकात्मक लेकिन प्रभावशाली” मान रहे हैं.
क्या दोबारा युद्ध की संभावना है?
यह पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच समझौते तथा वार्ताओं की प्रक्रिया जारी है, लेकिन दोनों देशों के बीच अविश्वास अभी भी गहरा है. ट्रंप प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि ईरान समझौते की शर्तों का उल्लंघन करता है या अमेरिकी हितों को खतरा पहुंचाता है, तो सैन्य विकल्प मेज पर बना रहेगा. दूसरी ओर ईरान भी अपने मिसाइल कार्यक्रम पर किसी समझौते से इनकार कर चुका है.
सीनेट का प्रस्ताव सियासी संदेश ज्यादा
इस वोट का सबसे बड़ा महत्व कानूनी नहीं बल्कि राजनीतिक है. चार रिपब्लिकन सीनेटरों ने अपनी ही पार्टी के राष्ट्रपति के खिलाफ मतदान किया. इससे संकेत मिला कि ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप को अपनी पार्टी के भीतर भी पूर्ण समर्थन नहीं मिल रहा है. नवंबर के मध्यावधि चुनावों से पहले यह व्हाइट हाउस के लिए चेतावनी माना जा रहा है.
सीनेट ने डोनाल्ड ट्रंप के सामने एक “लक्ष्मण रेखा” जरूर खींच दी है, लेकिन यह ऐसी रेखा नहीं है जिसे राष्ट्रपति कानूनी रूप से पार न कर सकें. यदि राष्ट्रीय सुरक्षा या आत्मरक्षा का हवाला दिया जाए तो ट्रंप अब भी सीमित सैन्य कार्रवाई कर सकते हैं. हालांकि, कांग्रेस के इस ऐतिहासिक कदम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ईरान के खिलाफ किसी नए युद्ध के लिए अब व्हाइट हाउस को पहले से कहीं अधिक राजनीतिक विरोध, कानूनी बहस और संसदीय जांच का सामना करना पड़ेगा.
अमेरिका 1973 के वॉर पावर्स एक्ट क्या है?
1973 का वॉर पावर्स एक्ट (War Powers Resolution) अमेरिकी कांग्रेस द्वारा वियतनाम युद्ध के अनुभवों के बाद बनाया गया कानून है, जिसका मकसद राष्ट्रपति की युद्ध संबंधी शक्तियों पर नियंत्रण रखना है. इसके तहत राष्ट्रपति बिना कांग्रेस की मंजूरी के विदेशी सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकते हैं, लेकिन 48 घंटे के भीतर कांग्रेस को सूचित करना अनिवार्य है. ऐसी कार्रवाई अधिकतम 60 दिनों तक ही जारी रह सकती है.
जबकि सैनिकों की वापसी के लिए 30 दिन अतिरिक्त मिलते हैं. 1973 में राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के वीटो को निरस्त कर इसे लागू किया गया था, हालांकि बाद के अधिकांश राष्ट्रपतियों ने इसे अपने संवैधानिक अधिकारों पर अतिक्रमण बताते हुए चुनौती दी है.




