प्लेन हादसों का रविवार! सऊदी अरामको हेलीकॉप्टर हादसे में 14 की मौत, फ्रांस में पैराशूट विमान क्रैश से 11 लोगों की गई जान
सऊदी अरब और फ्रांस में हुए दो अलग-अलग विमान हादसों में कुल 25 लोगों की मौत हो गई. सऊदी अरामको का हेलीकॉप्टर रास तनुरा शहर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जबकि फ्रांस में पैराशूट ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया. दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी गई है.
सऊदी अरब और फ्रांस में बड़ा विमान हादसा
Saudi Aramco helicopter France Plane Crash: 28 जून यानी रविवार का दिन बड़े विमान हादसों के नाम रहा. सऊदी अरब और फ्रांस में हुए दो अलग-अलग विमान हादसों में कुल 25 लोगों की मौत हो गई. पहला हादसा सऊदी अरब के पूर्वी शहर रास तनुरा में हुआ, जहां दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी Saudi Aramco का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सरकारी समाचार एजेंसी के हवाले से Reuters ने बताया कि इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई. हादसे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है..
रास तनुरा सऊदी अरब के लिए बेहद महत्वपूर्ण इलाका है. यहां स्थित अरामको की तेल सुविधाओं में दुनिया की बड़ी रिफाइनरियों और तेल निर्यात टर्मिनलों में से एक शामिल है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का निर्यात किया जाता है.
फ्रांस में कैसे हुआ हादसा?
वहीं दूसरा हादसा फ्रांस के टॉम्बलेन शहर में हुआ, जो नैंसी शहर के पास स्थित है. यहां एक पैराशूट स्कूल का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय प्रशासन के अनुसार, विमान में मौजूद पायलट और सभी 10 यात्री मारे गए. इनमें पांच छात्र और पांच प्रशिक्षक शामिल थे। बताया गया कि यह विमान स्काईडाइविंग गतिविधि के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.
फ्रांस के गृह मंत्रालय ने बताया कि गृह मंत्री घटनास्थल के लिए रवाना हुए. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के आसपास के इलाके से दूर रहें ताकि राहत और जांच कार्य प्रभावित न हो. दोनों हादसों के बाद संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं.




