फ्रांस में स्काईडाइविंग के दौरान पैराशूट विमान क्रैश, 5 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत: जानिए 6 बड़े हादसों के बारे में
फ्रांस के टॉम्बलेन शहर में पैराशूट ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत 11 लोगों की मौत हो गई. इसमें 5 छात्र और 5 प्रशिक्षक भी शामिल थे. प्रशासन ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है.
France Plane Crash
France plane crash: फ्रांस के टॉम्बलेन शहर में रविवार को हुए एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. नैंसी शहर के पास हुए इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई. हादसे का शिकार हुआ विमान एक पैराशूट ट्रेनिंग स्कूल से जुड़ा हुआ था. इसमें पायलट समेत सभी 10 यात्री सवार थे.
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, विमान में पैराशूट जंपिंग के लिए जाने वाले लोग मौजूद थे. मृतकों में 5 छात्र और 5 प्रशिक्षक शामिल थे. हादसा उस समय हुआ जब विमान टॉम्बलेन के एयरपोर्ट क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही फ्रांस के अधिकारी मौके पर पहुंचे. फ्रांस के गृह मंत्री भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए. पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए लोगों से हादसे वाले इलाके और एयरपोर्ट के आसपास जाने से बचने की अपील की है.
क्यों हुआ हादसा?
फिलहाल हादसे की वजह सामने नहीं आई है. जांच एजेंसियां विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विमान स्काईडाइविंग गतिविधि के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.
फ्रांस में कब-कब हुए बड़े विमान हादसे?
- टॉमब्लेन नागरिक विमान क्रैश (28 जून 2026): उत्तर-पूर्वी फ्रांस के टॉम्ब्लेन (Tomblaine) शहर के पास स्काईडाइविंग स्कूल का एक नागरिक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट, 5 इंस्ट्रक्टर और 5 छात्रों समेत 11 लोगों की मौत हो गई.
- जर्मनविंग्स फ्लाइट 9525 (24 मार्च 2015): यह फ्रांस के इतिहास के सबसे चौंकाने वाले हादसों में से एक है. बार्सिलोना से डसेलडोर्फ जा रहे इस विमान को इसके डिप्रेशन से पीड़ित को-पायलट (एंड्रियास लुबिट्ज) ने जानबूझकर फ्रांसीसी आल्प्स (French Alps) की पहाड़ियों में क्रैश कर दिया था. इस आत्मघाती हादसे में सवार सभी 150 लोगों की मौत हो गई थी.
- कॉनकॉर्ड एयर क्रैश / एयर फ्रांस फ्लाइट 4590 (25 जुलाई 2000): दुनिया के सबसे तेज कमर्शियल सुपरसोनिक विमान 'कॉनकॉर्ड' ने पेरिस के चार्ल्स डी गॉल एयरपोर्ट से उड़ान भरी ही थी कि रनवे पर पड़े मलबे के कारण इसके टायर फट गए और ईंधन टैंक में आग लग गई. विमान पेरिस के पास एक होटल पर जा गिरा, जिससे विमान में सवार 109 और जमीन पर मौजूद 4 लोगों समेत 113 लोगों की जान चली गई. इस हादसे के बाद कॉनकॉर्ड विमानों को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया था.
- एयर इंटर फ्लाइट 148 (20 जनवरी 1992): ल्यों से स्ट्रासबर्ग जा रहा यह एयरबस ए320 विमान खराब मौसम और पायलट की तकनीकी चूक के कारण मोंट सैंट-ओडिले पहाड़ियों से टकरा गया, जिससे 87 लोगों की मौत हो गई थी.
- इनैक्स-एड्रिया एवियोप्रोमेट फ्लाइट 1308 (1 दिसंबर 1981): यह विमान कोर्सिका द्वीप पर लैंडिंग के दौरान पेट्रा ग्यारा पर्वत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस भीषण पहाड़ी हादसे में विमान में सवार सभी 180 लोगों की मौत हो गई थी.
- तुर्किश एयरलाइंस फ्लाइट 981 (3 मार्च 1974): यह फ्रांसीसी धरती पर हुआ अब तक का सबसे घातक और भीषण विमान हादसा है. पेरिस से लंदन जा रहे इस मैकडोनेल डगलस DC-10 विमान का कार्गो दरवाजा उड़ान के दौरान ही हवा में टूट गया था, जिससे विमान नियंत्रण से बाहर होकर एरमेनोनविले के जंगलों में क्रैश हो गया. इस भयावह हादसे में सभी 346 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की दर्दनाक मौत हो गई थी.




