Iran हमले की गूंज Pakistan तक! कराची में US काउंसिलेट पर भीड़ ने किया हमला, तीन अधिकारी घायल
ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत के बाद पाकिस्तान में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. कराची में अमेरिकी काउंसिलेट के बाहर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया और तोड़फोड़ की. इस घटना के बाद शहर के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
US Consulate Attacked in Pakistan: ईरान में खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में शिया मुस्लिम समुदाय ने अमेरिकी काउंसिलेट पर हमला कर दिया है. सोशल मीडिया पर इस हमले की तस्वीरें वायरल हो रही है, जसमें लोग परिसर के अंदर घुसते दिख रहे हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में तीन अधिकारी घायल हो गए हैं. सोशल मीडिया पर आई तस्वीरों में कराची में मौजूद काउंसलेट में लोगों ने हाथों में खामेनेई की तस्वीरों को पकड़ा हुआ है और पीछे धुएं का गुबार उठ रहा है. ज्ञात हो कि बीते रोज़ अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमला किया था. इस हमले का मकसद न्यूक्लियर फैसिलिटी और कई लीडर्स को निशाना बनाना था. इसी हमले में आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी.
क्या है पूरा मामला?
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (यूएस कांसुलेट) के बाहर गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया है. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने इमारत पर भी हमला कर दिया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. इसके साथ ही कई जगहों को आग भी लगा दी. रिपोर्ट के मुताबिक, कराची के कई इलाकों से तनाव की खबर आ रही है. नुमाइश चौक, अब्बास टाउन और टॉवर जैसे प्रमुख स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए. प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या के खिलाफ नारेबाजी करते रहे.
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर कैसे हुआ अटैक?
चश्मदीदों के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान प्रोटेस्टेर्स अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर बढ़ने लगे. उन्होंने रोकने की कोशिश की गई, लेकिन सिक्योरिटी फोर्स ऐसा करने में नाकाम रही. सरकार को पहले से ही शक था कि नागरिक काउंसलेट पर हमला कर सकते हैं, जिसकी वजह से वहां की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी. लेकिन, फिर भी लोगों ने अच्छी खासी तोड़-फोड़ की है.
पाकिस्ताननी मीडिया के मुताबिक, कुछ लोगों के जरिए पथराव किए जाने की खबर है, जबकि गोलीबारी की भी अपुष्ट जानकारी सामने आई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिशें जारी हैं और हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी तरह की गलत जानकारी पर प्रतिक्रिया न देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
क्या है इजराइल ईरान वॉर में आज का अपडेट?
- ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हत्या के बाद इराक सरकार ने 40 दिनों राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है.
- ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार रविवार को तेहरान में कई जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई, वहीं दुबई में मौजूद सीएनएन की टीम ने भी रविवार सुबह तीन तेज धमाके सुनने की पुष्टि की, जिसके कुछ मिनट बाद फिर से विस्फोटों की आवाज आई.
- ईरानी टीवी ने पुष्टि की है कि ईरान के सेना प्रमुख अब्दोलरहीम मौसवी की भी मौत हो गई है.
- मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच एयर इंडिया ने अपने 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया है.
- ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि उसने अमेरिका और इजराइल की बमबारी के जवाब में छठे दौर का पलटवार हमला शुरू किया है.
- सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, देश की कमान फिलहाल तीन सदस्यों की एक परिषद संभालेगी। इस परिषद में राष्ट्रपति, न्यायपालिका प्रमुख और गार्जियन काउंसिल के एक धर्मगुरु शामिल हैं, जो अस्थायी रूप से देश की नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाएंगे.
- इजराइल के जरिए किए गए हमले में अली खामेनेई- ईरान के सर्वोच्च नेता, अमीर नसीरजादेह- ईरान के रक्षा मंत्री, मोहम्मद पकपूर- रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर, अली शमखानी- सर्वोच्च नेता खामेनेई के शीर्ष सलाहकार, मोहम्मद शिराज़ी- ईरानी मिलिट्री ब्यूरो, हुसैन जबल- एसपीएनडी चेयरमैन और रेज़ा मोज़ाफ़री-निया- एसपीएमडी का पूर्व चेयरमैन मारे गए हैं.




