क्रूर Pakistan को मासूमों पर भी नहीं आया तरस! Afghanistan के अस्पताल पर किया अब तक का सबसे बड़ा हमला, 400 लोगों की मौत
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर हुआ हवाई हमला हाल के वर्षों का अब तक का सबसे बड़ा और भीषण हमला माना जा रहा है. इस हमले में कम से कम 400 लोगों की मौत और सैकड़ों लोगों के घायल होने की खबर है.
Kabul Hospital Airstrike: काबुल में ड्रग्स के आदी लोगों के इलाज के लिए बने एक अस्पताल पर पाकिस्तान ने हमला किया है. इस हमले में सोमवार देर रात अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में कम से कम 400 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 350 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अस्पताल में आग लगी हुई दिखाई दे रही है और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रही जंग का यह अभी तक का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है.
कब से जंग लड़ रहे हैं पाकिस्तान और अफगानिस्तान?
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच पिछले तीन हफ्तों से लड़ाई जारी है. अफगानिस्तान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यह हवाई हमला सोमवार रात करीब 9 बजे हुआ. उनके मुताबिक इस हमले में 2000 बेड वाले अस्पताल के बड़े हिस्से तबाह हो गए.
फितरत ने कहा कि अब तक मरने वालों की संख्या 400 तक पहुंच चुकी है, जबकि करीब 350 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है. यह हमला ऐसे समय हुआ है जब दोनों पड़ोसी देशों के बीच पिछले तीन हफ्तों से तनाव और लड़ाई जारी है, जिसे हाल के वर्षों में सबसे बड़े सैन्य टकरावों में से एक माना जा रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियोज़
स्थानीय टीवी चैनलों ने एक्स पर कुछ वीडियो साझा किए हैं, जिनमें आपातकालीन कर्मचारी टॉर्च की रोशनी में घायलों को बाहर निकालते नजर आ रहे हैं. वहीं दमकलकर्मी मलबे के बीच लगी आग को बुझाने की कोशिश कर रहे हैं.
इस हमले के लिए काबुल ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है और कहा है कि काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया.
हमले पर पाकिस्तान ने क्या कहा?
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने कहा कि हमलों में केवल सैन्य ठिकानों और आतंकी नेटवर्क से जुड़े ढांचों को निशाना बनाया गया. उन्होंने बताया कि इन हमलों में अफगान तालिबान से जुड़े तकनीकी उपकरणों के भंडार और गोला-बारूद के स्टोरेज को निशाना बनाया गया. एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक काबुल और नंगरहार में मौजूद पाकिस्तान विरोधी उग्रवादियों के ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई.




