तस्वीरों से ग्राहकों को फंसाती थी चीनी जासूस एलिस हुआंग, जेनसन से रिश्ते के जरिए किया अरबों का खेल! 10 Points में जानें पूरा मामला
एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग के चीनी कारोबारी एलिस हुआंग के साथ रिश्ते को चीन की कथित जासूसी गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है. एलिस के नेटवर्क पर करीब 2.4 लाख प्रतिबंधित AI चिप्स चीन पहुंचाने और तीन साल में 7.5 अरब डॉलर के एनवीडिया हार्डवेयर कारोबार में शामिल होने का आरोप है.
दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेनसन हुआंग का निजी रिश्ता अब अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन से जुड़े एक बड़े विवाद के केंद्र में आ गया है. चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ अफेयर की बात स्वीकार करने के बाद जेनसन हुआंग की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस ने जेनसन के साथ अपनी तस्वीरों का इस्तेमाल चीन में एनवीडिया की AI चिप्स तक पहुंच बनाने के लिए किया. अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि एलिस को चीन की खुफिया एजेंसी ने भर्ती किया था और उसके नेटवर्क ने प्रतिबंधित चिप्स चीन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एलिस हुआंग से जुड़े कारोबारी नेटवर्क ने तीन साल के दौरान करीब 7.5 अरब डॉलर यानी लगभग 62 हजार करोड़ रुपये के एनवीडिया AI हार्डवेयर की खरीद की. इनमें करीब 2.4 लाख प्रतिबंधित H100 और H200 GPU चिप्स चीन पहुंचाने का आरोप भी शामिल है. अब एनवीडिया के बोर्ड ने जेनसन हुआंग के इस रिश्ते और संभावित सुरक्षा उल्लंघन की स्वतंत्र जांच शुरू करा दी है. हालांकि कंपनी ने फिलहाल कहा है कि उसे राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय रहस्यों से समझौता होने का कोई सबूत नहीं मिला है.
एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग विवाद के 10 बड़े खुलासे
1. एलिस हुआंग ने जेनसन के साथ तस्वीरों को बनाया अपनी ताकत
एलिस हुआंग वीचैट (WeChat) पर एनवीडिया CEO जेनसन हुआंग के साथ अपनी तस्वीरें नियमित रूप से पोस्ट करती थीं. वह इन तस्वीरों को चीनी ग्राहकों और कारोबारियों को दिखाकर दावा करती थी कि उसकी एनवीडिया के सबसे बड़े अधिकारी तक सीधी पहुंच है. द इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस लोगों को बताती थी कि जेनसन उसके जन्मदिन पर डिनर और तोहफे देने भी आते थे.
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी एलिस की सोशल मीडिया तस्वीरों की पुष्टि की है. इन तस्वीरों में दोनों शंघाई, एनवीडिया के सिलिकॉन वैली मुख्यालय, सैन जोस के दक्षिण में एक गोल्फ रिसॉर्ट और ताइवान में साथ दिखाई दिए. यानी एलिस ने अपने निजी रिश्ते को कारोबारी फायदे के लिए इस्तेमाल किया.
2. तस्वीरों के दम पर ग्राहकों को दिलाया चिप्स मिलने का भरोसा
एलिस हुआंग ग्राहकों को भरोसा दिलाती थी कि एनवीडिया और उसके चिप वितरकों के साथ उसके मजबूत संबंध हैं. जब किसी ग्राहक का ऑर्डर अटक जाता था या चिप्स की सप्लाई में देरी होती थी, तो वह कथित तौर पर बीच में आकर उसे आगे बढ़वाने का दावा करती थी. एनवीडिया के चीन में काम करने वाले एक कर्मचारी ने भी बताया कि वह कंपनी के स्थानीय पार्टनर कार्यक्रमों में अक्सर दिखाई देती थी.
नेटथंडर (NetThunder) के CEO पार्कर श्मिट ने जून 2024 की ताइपे की एक घटना का जिक्र किया. उनके मुताबिक, एलिस ने वहां मौजूद कारोबारियों से कहा था कि वह जेनसन को उनके बीच बुला सकती है. कुछ ही देर बाद जेनसन वहां पहुंच गए और उनके साथ व्हिस्की पी. इस घटना ने एलिस के दावों को कारोबारियों के बीच और विश्वसनीय बना दिया.
3. चीन और सिंगापुर में कंपनियों का बनाया गया जाल
द इन्फॉर्मेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस, उसकी बहन और उसके पति ने चीन और सिंगापुर में कई कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया था. इस नेटवर्क के केंद्र में शंघाई सेंचुरी लिटोंग (Shanghai Century Litong) नाम की कंपनी थी, जिसकी स्थापना जून 2023 में हुई थी. कंपनी की स्थापना में शामिल शेयरधारक पर एलिस की बहन हुआंग यू का नियंत्रण था. अक्टूबर 2023 तक इस कंपनी को एनवीडिया का Preferred Cloud Partner का दर्जा मिल गया. इस दर्जे का फायदा यह था कि कंपनी को सीमित उपलब्धता वाले AI चिप्स की सप्लाई में प्राथमिकता मिल सकती थी. इसके बाद कंपनी ने अलीबाबा, टेनसेंट और चीन की छोटी AI लैब्स को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध करानी शुरू की.
4. 2.4 लाख प्रतिबंधित AI चिप्स चीन पहुंचाने का आरोप
अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से सामने आई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एलिस हुआंग ने करीब 2.4 लाख एनवीडिया चिप्स चीन पहुंचाने में मदद की. इनमें सबसे ज्यादा H100 और H200 GPU शामिल थे. कुछ A100 चिप्स भी इस नेटवर्क के जरिए चीन पहुंचे. ये चिप्स अमेरिका के निर्यात प्रतिबंधों और अलग-अलग समय पर लागू नियंत्रणों के दायरे में थे.
इन चिप्स की अहमियत इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इनका इस्तेमाल अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मॉडल को प्रशिक्षित करने और बड़े पैमाने पर AI कंप्यूटिंग के लिए किया जाता है. अमेरिकी प्रतिबंधों का उद्देश्य चीन की अत्याधुनिक AI और सैन्य तकनीकी क्षमताओं को बढ़ने से रोकना है. हालांकि, चिप्स की पूरी खेप और उनके अंतिम इस्तेमाल को लेकर आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है.
5. मेगास्पीड के जरिए 4.6 अरब डॉलर के चिप्स की खरीद
एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड (Megaspeed) में वरिष्ठ पद पर काम कर चुकी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, पहले इस कंपनी का स्वामित्व उसके चीनी नाम हुआंग ले लिमिटेड (Huang Le Limited) वाली कंपनी से जुड़ा था. बाद में इसे सिंगापुर की कंपनी स्विफ्टडेटा (Swiftdata) को बेच दिया गया. साल 2023 से 2025 के बीच मेगास्पीड के जरिए करीब 4.6 अरब डॉलर के AI चिप्स आए. इसके अलावा मलेशिया में उसकी सहायक कंपनी स्पीडमैट्रिक्स (Speedmatrix) के माध्यम से करीब 2 अरब डॉलर के चिप्स का कारोबार हुआ. अमेरिकी निर्यात अधिकारियों ने जब स्पीडमैट्रिक्स के डेटा सेंटरों का निरीक्षण किया, तो वहां एनवीडिया के कई हार्डवेयर बॉक्स में ही रखे मिले.
6. जेनसन से मुलाकात के चार दिन बाद कंपनी को मिला खास दर्जा
एलिस और जेनसन के संबंधों की कहानी दिसंबर 2023 तक पहुंचती है. द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, एलिस ने सिंगापुर के एक इटैलियन रेस्टोरेंट में जेनसन से मुलाकात की थी. इसके चार दिन बाद मेगास्पीड के स्वामित्व में बदलाव की प्रक्रिया के बाद कंपनी को एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर का दर्जा मिल गया. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि एलिस ने जेनसन से अपने पति के रूप में परिचित कराए गए फंड मैनेजर कांग वेई (Kang Wei) की मुलाकात उनसे 2010 के दशक में ही करा दी थी. इससे संकेत मिलता है कि एलिस का नेटवर्क और जेनसन से उसके संपर्क हालिया घटनाओं से कहीं पहले से विकसित हो रहे थे.
7. जेनसन हुआंग ने खुद स्वीकार किया अफेयर
63 वर्षीय जेनसन हुआंग ने रविवार को एनवीडिया के कर्मचारियों को भेजे एक मेमो में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की. उन्होंने लिखा, 'मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की. मेरे इस काम का कोई बहाना नहीं है. मैंने जो किया, उसके लिए मुझे बेहद अफसोस है.' उन्होंने अपने परिवार और कर्मचारियों से भी माफी मांगी. हालांकि, जेनसन ने अपने मेमो में एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया और न ही उनके साथ रिश्ते की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का जिक्र करते हुए कंपनी की जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि वह अमेरिका और एनवीडिया की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं.
8. एनवीडिया बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच
विवाद सामने आने के बाद एनवीडिया के स्वतंत्र निदेशकों ने मामले की जांच के लिए बाहरी कानूनी विशेषज्ञों की मदद लेने का फैसला किया. इसके लिए वॉचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज (Wachtell, Lipton, Rosen & Katz) नाम की प्रतिष्ठित अमेरिकी लॉ फर्म को नियुक्त किया गया है. जांच का नेतृत्व पूर्व कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जॉन एच. किम (Joon H. Kim) करेंगे. बोर्ड ने कहा है कि उसके पास फिलहाल ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे लगे कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया के गोपनीय कारोबारी रहस्यों से समझौता हुआ है. जेनसन हुआंग जांच के दौरान भी CEO बने रहेंगे और जांच में सहयोग करेंगे. कंपनी ने कहा है कि जांच में उपलब्ध सभी जानकारियों की पड़ताल की जाएगी.
9. एनवीडिया ने जून 2025 में मेगास्पीड को सप्लाई रोकी
एनवीडिया का कहना है कि उसने जून 2025 में मेगास्पीड को सभी तरह की बिक्री और चिप्स की सप्लाई रोक दी थी. दूसरी तरफ मेगास्पीड ने भी कहा है कि वह चिप्स को अवैध तरीके से चीन पहुंचाने के आरोपों की आंतरिक जांच कर रही है. चीन ने जासूसी से जुड़े आरोपों को खारिज किया है, जबकि एलिस हुआंग ने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया है. इस पूरे मामले में सिंगापुर और मलेशिया के रास्ते चिप्स की आवाजाही भी जांच के दायरे में है. रॉयटर्स के मुताबिक, सिंगापुर पुलिस ने मेगास्पीड के खिलाफ अपने घरेलू कानूनों के संभावित उल्लंघन की जांच जारी होने की बात कही है. मेगास्पीड ने हालांकि दावा किया है कि उसकी जांच में अवैध चिप ट्रांसफर का कोई सबूत नहीं मिला.
10. ट्रंप को पहले ही दी गई थी जानकारी, अमेरिकी सांसदों ने मांगा जवाब
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को करीब एक साल पहले ही जेनसन और एलिस के संबंधों तथा संभावित चीनी खुफिया गतिविधियों की जानकारी दी गई थी. सोमवार को ट्रंप ने कहा कि जेनसन ने उनसे कहा था, 'मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि वह जासूस थी.' ट्रंप ने जेनसन की बात पर विश्वास जताया. वहीं, अमेरिकी संसद की तीन हाउस समितियों के रिपब्लिकन नेताओं ने जेनसन को इसी महीने बंद कमरे में होने वाली ब्रीफिंग के लिए बुलाने की मांग की है. उनसे चीन को AI चिप्स की बिक्री, निर्यात प्रतिबंधों और एलिस के साथ संबंधों पर सवाल पूछे जा सकते हैं. खास बात यह है कि जेनसन पिछले काफी समय से अमेरिकी सरकार से चीन को एनवीडिया चिप्स की बिक्री पर प्रतिबंधों में ढील देने की पैरवी करते रहे हैं.
एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग का मामला अब सिर्फ एक कारोबारी के निजी रिश्ते तक सीमित नहीं रह गया है. इसके तार चीन की AI महत्वाकांक्षाओं, अमेरिका के निर्यात प्रतिबंधों, अरबों डॉलर के चिप कारोबार और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ गए हैं. हालांकि, एलिस पर चीनी जासूस होने और प्रतिबंधित चिप्स की तस्करी में मदद करने के आरोप अभी जांच और मीडिया रिपोर्टों पर आधारित हैं, लेकिन इस विवाद ने दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनी के कामकाज और उसके नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.




