Begin typing your search...

Kharg Attack: ईरान की रीढ़ पर अमेरिका का हमला, अब दुनिया चुकाएगी कीमत, समझें कितना और कहां-कहां तक होगा असर

अमेरिका द्वारा खार्ग द्वीप पर हमले के दावे के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में चिंता बढ़ गई है. यह द्वीप ईरान के तेल निर्यात की रीढ़ है, इसलिए यहां की किसी भी रुकावट का असर दुनिया भर की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है.

Kharg Attack: ईरान की रीढ़ पर अमेरिका का हमला, अब दुनिया चुकाएगी कीमत, समझें कितना और कहां-कहां तक होगा असर
X

Kharg Attack Mericca

मिडिल ईस्ट वार के बीच एक और डराने वाली खबर सामने आई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के बेहद अहम खार्ग (Kharg Island) पर मौजूद सैन्य ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है. यह द्वीप सिर्फ एक सैन्य ठिकाना नहीं बल्कि ईरान की तेल अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है. या फिर यूं कहें कि खार्ग द्वीप ईरान के लिए लाइफलाइन जैसा है. यही वजह है कि इस पर हमला केवल एक सामरिक कार्रवाई नहीं बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए भी बड़ा झटका बन सकता है. अगर यहां का तेल निर्यात प्रभावित होता है तो इसका असरब स्ट्रेट आफ होर्मुज (Strait of Hormuz) से गुजरने वाली वैश्विक तेल सप्लाई, अंतरराष्ट्रीय कीमतों और कई देशों की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि खार्ग द्वीप इतना अहम क्यों है और इस पर हमले से दुनिया को कितना नुकसान हो सकता है?

खार्ग अटैक क्या है और ट्रंप ने क्या दावा किया?

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिकी सेना ने खार्ग द्वीप पर स्थित ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया. ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रूथ पर कहा कि फिलहाल उन्होंने द्वीप के तेल इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना नहीं बनाया, लेकिन अगर ईरान ने स्ट्रेट आफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को बाधित करने की कोशिश की तो यह फैसला बदल सकता है.

इस बयान के कुछ ही समय बाद ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है. तेहरान ने चेतावनी दी कि अगर उसके तेल या ऊर्जा ढांचे को नुकसान पहुंचाया गया तो क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगियों की ऊर्जा परियोजनाओं को भी निशाना बनाया जाएगा. इससे यह संकेत मिला कि यह हमला केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष की शुरुआत भी बन सकता है.

खार्ग द्वीप आखिर कहां और कितना बड़ा है?

Kharg Island फारस की खाड़ी में स्थित एक छोटा लेकिन बेहद रणनीतिक द्वीप है. इसका क्षेत्रफल लगभग 7.7 वर्ग मील है और यह ईरान के दक्षिण-पश्चिमी तट से कुछ दूरी पर स्थित है. सबसे अहम बात यह है कि यह द्वीप दुनिया के सबसे व्यस्त ऊर्जा मार्गों में से एक Strait of Hormuz से लगभग 300 मील की दूरी पर है.

द्वीप के आसपास गहरा समुद्री जल मौजूद है, जो बड़े तेल टैंकरों के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है. ईरान ने यहां विशाल तेल भंडारण टैंक, प्रोसेसिंग प्लांट और निर्यात टर्मिनल बनाए हैं. उपग्रह तस्वीरों में भी साफ दिखता है कि यह द्वीप तेल टैंकरों और पाइपलाइन नेटवर्क से भरा हुआ है, जिससे ईरान का अधिकांश कच्चा तेल वैश्विक बाजारों तक पहुंचता है.

ईरान के लिए खार्ग द्वीप अहम क्यों?

ईरान की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा तेल निर्यात पर निर्भर करता है और इस निर्यात का केंद्र Kharg Island है. अनुमान है कि यहां से प्रतिदिन लगभग 15 लाख से 20 लाख बैरल कच्चा तेल निर्यात के लिए प्रोसेस किया जाता है. युद्ध से पहले के हफ्तों में इस क्षेत्र में कुल उत्पादन लगभग 40 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंच गया था.

द्वीप पर आने वाला तेल समुद्र के नीचे बिछी पाइपलाइनों के जटिल नेटवर्क के जरिए कई बड़े ऑफशोर तेल क्षेत्रों से लाया जाता है. इन क्षेत्रों में अबूजर, फोरूजान और दोरूद जैसे बड़े तेल फील्ड शामिल हैं. यहां तेल को प्रोसेस करने के बाद विशाल टैंकरों में भरकर वैश्विक बाजारों में भेजा जाता है. इस वजह से खार्ग द्वीप को अक्सर ईरान की “तेल अर्थव्यवस्था की रीढ़” कहा जाता है.

वैश्विक तेल सप्लाई और कीमतों पर कितना पड़ेगा असर?

दुनिया के एनर्जी एक्सपर्ट के अनुसार अगर Kharg Island के तेल टर्मिनल पर बड़ा नुकसान होता है तो वैश्विक तेल सप्लाई में तुरंत झटका लग सकता है. दुनिया का एक बड़ा हिस्सा तेल आपूर्ति के लिए फारस की खाड़ी और Strait of Hormuz पर निर्भर है.

अमेरिकी एनर्जी कम्युनिकेशन एडमिनिस्ट्रेशन के आंकड़ों के मुताबिक 2024 में इस जलडमरूमध्य से औसतन लगभग 2 करोड़ बैरल तेल प्रतिदिन गुजरता था. अगर खार्ग द्वीप की सप्लाई बाधित होती है तो अमेरिका, चीन, भारत, जापान, ईयू सहित अधिकांश देश इससे प्रभावित होंगे. वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की उपलब्धता कम हो सकती है. एक्सपर्ट का कहना है कि इस तरह की स्थिति में तेल की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ सकता है.

क्या इस हमले से दुनिया में तेल संकट पैदा हो सकता है?

अगर संघर्ष और बढ़ता है और ईरान के तेल निर्यात में बड़ी रुकावट आती है तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेज उछाल आ सकता है. युद्ध शुरू होने के बाद से ही वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं और कुछ समय के लिए 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर भी पहुंच गई थीं.

इसका असर केवल एनर्जी मार्केट बाजार तक सीमित नहीं रहेगा. तेल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे खाद्य पदार्थों से लेकर औद्योगिक उत्पादों तक सब कुछ महंगा हो सकता है. खासकर एशिया के कई देश, जिनमें चीन और भारत जैसे बड़े आयातक शामिल हैं, इस झटके को ज्यादा महसूस कर सकते हैं.

खार्ग का सामरिक अहमियत क्या?

दिलचस्प बात यह है कि Kharg Island का महत्व केवल तेल तक सीमित नहीं रहा है. प्राचीन काल से ही यह फारस की खाड़ी के समुद्री व्यापार का अहम केंद्र रहा है. यहां प्राकृतिक मीठे पानी के स्रोत और रणनीतिक स्थिति होने के कारण कई विदेशी ताकतों ने इस पर कब्जा करने की कोशिश की.

इतिहास में पुर्तगालियों और डच व्यापारियों ने भी इस द्वीप पर अपने किले और व्यापारिक चौकियां स्थापित की थीं. 18वीं सदी में डच ईस्ट इंडिया कंपनी ने यहां एक मजबूत किला भी बनाया था. बाद में 20वीं सदी में ईरान के शासक रज़ा शाह पहलवी ने इस द्वीप को राजनीतिक कैदियों के निर्वासन स्थल के रूप में इस्तेमाल किया.

क्या यह द्वीप आर्किटेक्चरल दृष्टि से भी खास है?

तेल उद्योग के अलावा Kharg Island एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल भी माना जाता है. यहां मानव बसावट के प्रमाण दूसरी सहस्राब्दी ईसा पूर्व के अंत से मिलते हैं. इस द्वीप पर एलामाइट, एकेमेनिड और ससानिद सभ्यताओं से जुड़े कई अवशेष पाए गए हैं.

यहां मौजूद मीर मोहम्मद का मकबरा, डच किले के अवशेष, पुराने कब्रिस्तान और प्राचीन शिलालेख इस द्वीप के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाते हैं. इनमें से एक प्रसिद्ध शिलालेख में “फारसी खाड़ी” का उल्लेख मिलता है, जिसे क्षेत्र के सबसे पुराने अभिलेखों में गिना जाता है. इसी वजह से खार्ग द्वीप केवल ईरान की तेल अर्थव्यवस्था का केंद्र नहीं बल्कि उसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है.

ईरान इजरायल युद्धवर्ल्‍ड न्‍यूजडोनाल्ड ट्रंपअमेरिका
अगला लेख