फिर बंद होगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज! Trump की हरकत पर भड़के Iran ने दी धमकी; गालीबाफ बोले- 1 घंटे में 7 झूठे दावे
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान ने एक बार फिर चेतावनी दी है. तेहरान का कहना है कि अगर डोनाल्ड ट्रंप नाकाबंदी जारी रखते हैं तो वह फिर से होर्मुज बंद कर देगा.
Iran War: ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालीबाफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखता है, तो ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर देगा. यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप ने कहा था कि नाकेबंदी “पूरी ताकत” के साथ जारी रहेगी.
गालीबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि होर्मुज़ से गुजरने वाला रास्ता “निर्धारित मार्ग” और “ईरान की अनुमति” के तहत ही होगा. उन्होंने कहा, “अगर नाकेबंदी जारी रहती है, तो होर्मुज़ खुला नहीं रहेगा.”
क्या इससे पहले खुला रहने का किया था ऐलान?
यह बयान उस घोषणा के कुछ घंटों बाद आया है, जिसमें ईरान ने कहा था कि युद्धविराम की अवधि के दौरान होर्मुज़ सभी व्यावसायिक जहाजों के लिए पूरी तरह खुला है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा था, “लेबनान में सीजफायर के मुताबिक, होर्मुज़ से सभी व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही बाकि सीजफायर अवधि के लिए पूरी तरह खुली घोषित की जाती है. यह आवाजाही पहले से घोषित समन्वित मार्ग के अनुसार होगी.”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि कि ईरान के साथ “लेन-देन” पूरा होने तक स्ट्रेट की नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी. हालांकि, उन्होंने दावा किया कि यह प्रक्रिया “बहुत जल्दी” पूरी हो जाएगी, क्योंकि ज्यादातर मुद्दों पर पहले ही बातचीत हो चुकी है.
ट्रंप के बयान पर क्या बोले गालीबाफ?
गालीबाफ ने ट्रंप के बयानों पर हमला करते हुए कहा, “उन्होंने एक घंटे में सात दावे किए, जो सभी गलत थे.” हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वे कौन से दावे थे. उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज खुला रहेगा या बंद, इसका फैसला जमीनी हालात के आधार पर होगा, न कि सोशल मीडिया पर.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के करीब पांचवें हिस्से के तेल की आपूर्ति का अहम मार्ग है. ईरान युद्ध के दौरान लगभग दो महीने तक इसके बंद रहने से कई देशों में कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति पर असर पड़ा था. अब जब ईरान ने इसे फिर से खोल दिया है, तो यह साफ नहीं है कि व्यावसायिक जहाज कब पूरी तरह सामान्य रूप से चलना शुरू करेंगे. वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, कुछ जहाज कंपनियां “स्पष्ट सुरक्षा गारंटी” मिलने का इंतजार कर रही हैं.
न्यूक्लियर पर क्या बोले ट्रंप?
इससे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि किसी भी शांति समझौते के तहत अमेरिका और ईरान मिलकर तेहरान के परमाणु ठिकानों से “न्यूक्लियर डस्ट” यानी समृद्ध यूरेनियम को हटाएंगे और इसे अमेरिका ले जाया जाएगा. उन्होंने कहा, “हम ईरान के साथ मिलकर खुदाई मशीनों के जरिए इसे निकालेंगे.”
हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय ने इस दावे को खारिज कर दिया. मंत्रालय ने कहा कि ईरान का समृद्ध यूरेनियम कहीं भी शिफ्ट नहीं किया जाएगा और इस तरह का कोई प्रस्ताव बातचीत में कभी उठाया ही नहीं गया.




