वाशिंगटन में डर्टी बम से हमले की तैयारी कर रहा ईरान, ट्रंप के अधिकारी निशाने पर? अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट से मचा हड़कंप; 10 Points
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि ईरान वॉशिंगटन में डर्टी बम या रासायनिक हथियार से हमले के विकल्प तलाश रहा है. कथित योजना में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने और अमेरिका में पहले से बम बनाने की सामग्री मौजूद होने की आशंका जताई गई है.
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक नई खुफिया रिपोर्ट ने वांशिंगटन में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसे इनपुट मिले हैं जिनमें दावा किया गया है कि ईरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने के लिए ‘डर्टी बम’ या रासायनिक हथियार से हमले के विकल्प तलाश रहा है. रिपोर्ट में सात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी गई है.
CNN के सूत्रों के मुताबिक, खुफिया इनपुट किसी तत्काल हमले का संकेत नहीं देते. अमेरिकी अधिकारियों के बीच इस बात पर भी मतभेद है कि ईरान के पास ऐसा हमला करने की क्षमता और जरूरी लोग मौजूद हैं या नहीं. व्हाइट हाउस ने भी कहा है कि फिलहाल देश के भीतर कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है.
क्या है पूरा मामला? 10 Points में समझिए
1. वाशिंगटन में किन लोगों को निशाना बनाने की आशंका?
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ईरान से जुड़ी ऐसी बातचीत और गतिविधियों का पता लगाया है, जिनमें वॉशिंगटन DC में संभावित हमले की योजना का जिक्र है. इसमें ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की बात सामने आई है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि खुफिया इनपुट में संभावित ठिकानों और लक्ष्यों से जुड़ी कुछ विशिष्ट जानकारियां भी शामिल हैं. इसी वजह से अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित खतरे से निपटने के लिए कई आपातकालीन तैयारियों और वैकल्पिक योजनाओं पर चर्चा की है.
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का आकलन है कि फिलहाल यह गतिविधि ईरान की ओर से अपने लिए हमले के विकल्प तैयार करने की कोशिश हो सकती है. इसे तत्काल हमले की तैयारी का पक्का संकेत नहीं माना जा रहा है.
2. क्या अमेरिका में पहले से छिपाकर रखे गए हैं बम बनाने के सामान?
रिपोर्ट का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को कथित तौर पर ईरानी संचार में ऐसे संकेत मिले हैं कि बम बनाने से जुड़ी सामग्री अमेरिका के भीतर पहले से पहुंचाई जा चुकी हो सकती है. CNN से बातचीत करने वाले एक सूत्र के मुताबिक, कुछ अमेरिकी अधिकारी मानते हैं कि रेडियोधर्मी सामग्री या रासायनिक एजेंट अमेरिका में पहले से मौजूद हो सकते हैं. इनका इस्तेमाल पारंपरिक विस्फोटक के साथ करके डर्टी बम तैयार किया जा सकता है.
हालांकि, एक अन्य सूत्र का कहना है कि रेडियोधर्मी सामग्री अमेरिका में वर्षों या दशकों से मौजूद हो सकती है. ऐसे में यह जरूरी नहीं कि ईरान की हमला करने की क्षमता हाल में बढ़ी हो. असली बदलाव यह हो सकता है कि मौजूदा युद्ध के कारण ईरान के पास हमले का विकल्प तलाशने की वजह बढ़ गई हो.
3. डर्टी बम क्या होता है और परमाणु बम से कितना अलग है?
डर्टी बम ऐसा उपकरण होता है जिसमें सामान्य विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ मिलाया जाता है. विस्फोट होने पर यह पदार्थ आसपास के इलाके में फैल सकता है और लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकता है. इसे परमाणु बम समझना गलत होगा. परमाणु बम में परमाणु विखंडन जैसी प्रक्रिया से बेहद विनाशकारी ऊर्जा निकलती है, जबकि डर्टी बम में सामान्य विस्फोटक का इस्तेमाल होता है. इसका मुख्य उद्देश्य बड़े परमाणु विस्फोट के बजाय रेडियोधर्मी प्रदूषण फैलाना और लोगों में दहशत पैदा करना होता है. विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे हमले में शुरुआती मौतों और चोटों की बड़ी वजह विस्फोट हो सकता है, जबकि रेडियोधर्मी पदार्थ के फैलने से आसपास के इलाकों में लंबे समय तक स्वास्थ्य और सफाई से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं.
4. ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट की सुरक्षा बढ़ाई गई
CNN के मुताबिक, ईरान से जुड़ी धमकियों के बाद अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट को पिछले सप्ताह सैन्य आवास में शिफ्ट किया गया था. यह कदम उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया. रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने पिछले एक सप्ताह में कई बैठकें की हैं. इनमें संभावित हमले को रोकने और उससे निपटने के तरीकों पर चर्चा हुई। एक सूत्र ने इन तैयारियों को एहतियाती कदम बताया है.
5. अमेरिकी सैनिकों पर केमिकल हथियार से हमले का भी खतरा?
वॉशिंगटन से जुड़ी आशंकाओं के अलावा अमेरिकी एजेंसियां मध्य पूर्व में तैनात अपने सैनिकों को लेकर भी चिंतित हैं. CNN ने दो अधिकारियों के हवाले से बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियां ऐसे अलग इनपुट पर नजर रख रही हैं, जिनमें ईरान की ओर से अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ रासायनिक हथियार इस्तेमाल करने की आशंका जताई गई है. कुछ अमेरिकी अधिकारियों ने चिंता जताई है कि सैनिकों के पास ऐसे हमले से बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षण नहीं हो सकता. इसी वजह से क्षेत्र में तैनात अमेरिकी राजनयिकों और खुफिया कर्मियों के लिए भी अलग से तैयारी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षा उपकरण और जरूरी ट्रेनिंग उपलब्ध कराई जा सके.
6. व्हाइट हाउस बोला- देश के भीतर फिलहाल कोई विश्वसनीय खतरा नहीं
रिपोर्ट सामने आने के बाद व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन सभी संभावित खतरों पर नजर रख रहा है, लेकिन फिलहाल देश के भीतर कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है. उन्होंने कहा, "हम सभी संभावित खतरों की निगरानी कर रहे हैं, लेकिन इस समय देश के भीतर कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है."
7. ईरान ने आरोपों पर क्या कहा?
वहीं, न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन ने रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों को खारिज किया है. ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश किसी भी परिस्थिति में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल को पूरी तरह अवैध मानता है और इन आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताकर खारिज करता है. हालांकि, ईरान के बयान में कथित डर्टी बम योजना पर सीधे तौर पर जवाब नहीं दिया गया.
7. पहले भी अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिशों के आरोप
अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने से जुड़ी ईरान की कथित योजनाओं का मामला नया नहीं है. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, इस तरह के इनपुट ट्रंप के पहले कार्यकाल से सामने आते रहे हैं. इनमें ज्यादातर योजनाएं विदेश यात्राओं के दौरान अमेरिकी अधिकारियों की हत्या के कथित प्रयासों से जुड़ी थीं. साल 2024 में भी अमेरिकी एजेंसियों ने ट्रंप को निशाना बनाने की कथित ईरानी सुपारी-किलिंग साजिश की जांच की थी. हालांकि, मौजूदा रिपोर्ट में वॉशिंगटन में डर्टी बम या रासायनिक हथियार के इस्तेमाल की आशंका को लेकर अलग तरह की चिंता जताई गई है.
8. होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका-ईरान में तनाव
यह खुफिया रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष खत्म करने को लेकर बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है. दोनों देशों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य, अमेरिकी आर्थिक नाकेबंदी और सैन्य कार्रवाई को लेकर तनाव बना हुआ है. होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापारिक रास्तों में से एक है। यहां किसी भी तरह की रुकावट का असर वैश्विक तेल आपूर्ति और ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है.
CNN के मुताबिक, क्षेत्रीय सूत्रों का मानना है कि आने वाले कुछ सप्ताह बातचीत के लिहाज से अहम होंगे. ईरान के कट्टरपंथी धड़े या ऐसे तत्व, जिन्हें संघर्ष जारी रहने से फायदा हो रहा है, किसी हमले के जरिए बातचीत को पटरी से उतारने की कोशिश कर सकते हैं.
10. ट्रंप ने कहा था- युद्ध जल्द खत्म होगा
कूटनीतिक बातचीत में गतिरोध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह कहा था कि युद्ध 'काफी जल्द' खत्म हो जाएगा, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच नाकेबंदी, होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने और सैन्य कार्रवाई रोकने जैसे मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई है. फिलहाल अमेरिकी एजेंसियां संभावित खतरों की समीक्षा कर रही हैं.




