'Bibi’ के हाथ में 6 उंगलियां? नेतन्याहू के वीडियो में दिखा ‘AI फिंगर ग्लिच’ या ऑप्टिकल इल्यूजन, क्यों मची हलचल?
सोशल मीडिया पर Benjamin Netanyahu के एक वीडियो में छह उंगलियां दिखने का दावा वायरल हो गया। जांच में सामने आया कि यह AI एडिटिंग नहीं बल्कि कैमरे के एंगल से पैदा हुआ एक ऑप्टिकल इल्यूजन हो सकता है.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है. वजह है उनके हाथ से जुड़ा एक अजीब दावा. कुछ यूजर्स का कहना है कि वीडियो के एक फ्रेम में उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं. इस दावे के सामने आते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई कि कहीं यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाया गया या एडिट किया गया तो नहीं.
अब इस दावे की जांच में सामने आया कि मामला उतना रहस्यमय नहीं है जितना सोशल मीडिया पर बताया जा रहा था. कई विशेषज्ञों और AI टूल्स ने इसे कैमरे के एंगल और ऑप्टिकल इल्यूजन का असर बताया. फिर भी इस पूरे विवाद ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि AI के दौर में असली और नकली वीडियो के बीच फर्क करना कितना मुश्किल होता जा रहा है.
1. क्या सच में नेतन्याहू के हाथ में 6 उंगलियां दिखीं?
सोशल मीडिया पर शनिवार को उस समय हलचल मच गई जब कई यूजर्स ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के एक ताजा वीडियो में उनके हाथ को लेकर सवाल उठाए. दावा किया गया कि वीडियो में उनके एक हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं. इसके बाद कई पोस्ट में यह शक जताया जाने लगा कि वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से एडिट किया गया हो सकता है. इस दावे के साथ ‘क्लासिक AI फिंगर ग्लिच’ और “उनके हाथ को ध्यान से देखें” जैसे कैप्शन वायरल होने लगे.
2. किस वीडियो से शुरू हुआ पूरा विवाद?
दरअसल यह विवाद उस वीडियो से शुरू हुआ जिसे नेतन्याहू ने शुक्रवार को जारी किया था. इस वीडियो में उन्होंने इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. मिडिल ईस्ट में जारी इस संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है और युद्ध को कई दिन बीत चुके हैं. इसी वीडियो के एक फ्रेम को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई.
3. सोशल मीडिया पर जोर क्यों पकड़ी अफवाहों ?
वीडियो के स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद कई यूजर्स ने दावा किया कि नेतन्याहू के दाहिने हाथ में छह उंगलियां नजर आ रही हैं. इन पोस्ट्स को लाखों व्यूज मिले और कुछ अकाउंट्स ने तो यह तक कहना शुरू कर दिया कि कहीं यह वीडियो एआई से बनाया गया नकली वीडियो तो नहीं. कुछ यूजर्स ने इस विवाद को और आगे बढ़ाते हुए नेतन्याहू की मौत की अफवाह तक फैलानी शुरू कर दी.
4. ‘बीबी, क्या तुम इतने खास हो?’
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने हिब्रू भाषा में लिखा, “अरे बीबी, क्या तुम इतने खास हो कि तुम्हारे हाथ में छह उंगलियां हैं? या फिर तुम हमें बहुत पहले ही छोड़कर जा चुके हो?” यहां ‘बीबी’ नेतन्याहू का लोकप्रिय निकनेम है. ऐसे सवालों ने इस मुद्दे को और वायरल कर दिया और लोग वीडियो के हर फ्रेम को ध्यान से देखने लगे.
5. अमेरिकी टिप्पणीकार कैंडिस ओवेन्स ने क्यों उठाए सवाल?
अमेरिकी कंजर्वेटिव राजनीतिक टिप्पणीकार Candace Owens ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए. उन्होंने नेतन्याहू को उनके निकनेम ‘बीबी’ से संबोधित करते हुए पूछा, “बीबी कहां हैं?” उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि अगर नेतन्याहू ठीक हैं तो फिर उनका दफ्तर एआई से बने कथित वीडियो क्यों जारी कर रहा है और उन्हें बाद में क्यों डिलीट कर रहा है. उनके इस सवाल के बाद यह चर्चा और तेज हो गई.
6. AI चैटबॉट Grok ने क्या बताया?
इन दावों की पड़ताल करते हुए Grok ने कहा कि नेतन्याहू के हाथ में छह उंगलियां होने का दावा गलत है. चैटबॉट के मुताबिक वीडियो में उनका हाथ पोडियम की ओर इशारा करने की सामान्य मुद्रा में है और कैमरे के एंगल के साथ लाल घेरा मिलकर एक तरह का ‘ऑप्टिकल इल्यूजन’ बना रहे हैं. Grok ने यह भी कहा कि यह केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो का एक स्थिर फ्रेम है, जिससे हाथ असामान्य दिख रहा है.
7. क्या नेतन्याहू की मौत की अफवाह भी फैलाई गई?
Grok ने यह भी स्पष्ट किया कि नेतन्याहू की मौत से जुड़ी अफवाहें भी गलत हैं. फैक्ट-चेक वेबसाइट Snopes और मीडिया संस्थान The Times of Israel समेत कई स्रोतों ने इन दावों को फर्जी बताया है. रिपोर्ट्स के अनुसार नेतन्याहू हाल ही में हमलों के बाद प्रभावित इलाके Beit Shemesh का दौरा करते भी देखे गए थे. इसलिए विशेषज्ञों का कहना है कि वायरल वीडियो में दिख रहा ‘छह उंगलियों वाला हाथ’ दरअसल एआई नहीं बल्कि कैमरे के एंगल से पैदा हुआ एक साधारण भ्रम हो सकता है.




