स्टॉक मार्केट और ट्रेडिंग पर एक्सपर्ट Deepak Wadhwa ने स्टेट मिरर को बताया कि शेयर बाजार बड़े पैसों का खेल है और इसमें बिना समझ के उतरने वाले लोग अक्सर नुकसान उठाते हैं. मार्केट में आने से पहले हर निवेशक को यह चेतावनी दिखाई जाती है कि ज्यादातर लोग नुकसान में रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग बिना तैयारी और जानकारी के निवेश कर देते हैं. बाद में जब नुकसान होता है तो वे “मैनिपुलेशन” और “स्पेकुलेशन” जैसे बहाने बनाने लगते हैं. उनके मुताबिक, असली समस्या बाजार नहीं बल्कि लोगों की बिना रिसर्च के पैसा लगाने की आदत है. एक्सपर्ट ने बताया कि मार्केट में सफल होने के लिए धैर्य, ऑब्जर्वेशन और सही रणनीति जरूरी होती है. कई लोग लालच में भीड़ का हिस्सा बनकर निवेश कर देते हैं और बाद में अपनी गलती का जिम्मेदार दूसरों को ठहराने लगते हैं. उदाहरण देते हुए कहा गया कि जैसे किसी जगह तेज बहाव वाले पानी में बिना तैयारी उतरा व्यक्ति खुद जिम्मेदार होता है, वैसे ही शेयर बाजार में भी बिना समझ के पैसा लगाना जोखिम भरा हो सकता है. वक्ता ने कहा कि बड़े निवेशक ज्यादा पूंजी लगाकर बाजार की दिशा पकड़ लेते हैं, जबकि छोटे निवेशक उसी गति को समझ नहीं पाते और फिर बाजार पर सवाल उठाने लगते हैं.