नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन को एक हफ्ता बीत चुका है और अब इलाके में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं. कंपनियां दोबारा खुल चुकी हैं और कामकाज पहले की तरह शुरू हो गया है, लेकिन उस दिन का डर अब भी कर्मचारियों के मन में बना हुआ है. ग्राउंड रिपोर्ट में कर्मचारियों ने बताया कि करीब 400-500 लोगों की भीड़ अचानक फैक्ट्री और कंपनियों के आसपास पहुंच गई थी. कुछ लोग पत्थर और लाठियां लेकर आए थे, जिन्होंने कई जगहों पर पथराव किया और शीशे तोड़ दिए. कर्मचारियों के मुताबिक उस समय अंदर काफी डर का माहौल बन गया था, खासकर महिला कर्मचारी ज्यादा घबरा गई थीं क्योंकि टूटे कांच के पास ही वे बैठी थीं. हालांकि समय रहते पुलिस और आरआरएफ मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद भीड़ को वहां से हटाया गया और बड़ा नुकसान होने से बच गया. फिलहाल पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई है, पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा सख्त कर दी गई है.