बॉलीवुड के गाने में आपने बरेली के बाजार में झुमका गिरने की बात तो सुनी होगी, लेकिन दुबई में बना एक झुमका अपने भारी वजन की वजह से चर्चा में है. जॉय अलुक्कास ज्वेलरी ब्रांड ने अपने दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट स्थित नए शोरूम में 22 कैरेट सोने से बना ‘मयूर सशस्त्र’ नाम का झुमका प्रदर्शित किया है. इसका वजन 16.514 किलोग्राम, लंबाई करीब 1.215 मीटर और चौड़ाई 0.682 मीटर है. इस अनोखे गहने ने दुनिया के सबसे बड़े और सबसे भारी सोने के झुमके के तौर पर दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. इसे तैयार करने में 55 कारीगरों ने मिलकर काम किया और इसे बनाने में कुल 5,840 घंटे लगे. कंपनी के सीईओ जॉन पॉल अलुक्कास के मुताबिक, इस झुमके को बनाने की प्रेरणा यूएई में कंपनी के चार दशक लंबे सफर और दुबई के विकास से मिली. इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह दुबई की शान और सुनहरी कारीगरी की मिसाल बन सके.