दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन अब सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं दिख रहा है. सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें बीजेपी के कुछ नेताओं की बेटियों को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते या प्रदर्शन से जुड़ी प्रतिक्रिया देते हुए दिखाया जा रहा है. इन पोस्ट और वीडियो के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है कि क्या छात्र आंदोलन की गूंज अब नेताओं के घरों तक भी पहुंच गई है. उड़ीसा में बीजेपी सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता से जुड़ा सोशल मीडिया पोस्ट और असम में एक सहयोगी दल के वरिष्ठ नेता की बेटी का कथित प्रदर्शन वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि इन घटनाओं को लेकर अलग-अलग राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं और कई दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है. ऐसे में आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है, किस पोस्ट और वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हुआ और अब तक क्या-क्या सामने आया है.