ऋषिकेश में टला बड़ा रेल हादसा, पटरी से उतरे उज्जैन एक्सप्रेस के 3 डिब्बे, डिरेल के बाद ऐसे लटका कोच, VIDEO
ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गए. राहत की बात रही कि ट्रेन खाली थी और किसी यात्री या कर्मचारी को चोट नहीं आई. रेलवे और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया.
बीते सोमवार देर रात योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा हो गया. उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे शंटिंग (ट्रेन को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने) के दौरान पटरी से उतर गए. इस घटना से इलाके में काफी दहशत फैल गई, हालांकि ट्रेन में कोई यात्री नहीं था, इसलिए किसी की जान को खतरा नहीं हुआ और न ही कोई घायल हुआ. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा खंड गांव इलाके में रात करीब 9:30 बजे हुआ. उस समय ट्रेन की शंटिंग प्रक्रिया चल रही थी. रखरखाव और मरम्मत के काम के दौरान यह घटना घटी.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पटरी से उतरने के पीछे तकनीकी खराबी या किसी कर्मचारी की मानवीय गलती हो सकती है. लेकिन अभी तक सटीक कारण की पुष्टि नहीं हुई है. रेलवे ने इसकी पूरी जांच शुरू कर दी है. ऋषिकेश के खंड गांव के पास देर रात उज्जैनी एक्सप्रेस की दुर्घटना के बाद, रेलवे प्रशासन का बचाव दल लगातार मरम्मत कार्य में लगा हुआ है. क्रेन की सहायता से उज्जैनी एक्सप्रेस के पटरी से उतरे तीन क्षतिग्रस्त डिब्बों को पटरियों से हटाया जा रहा है.
स्थानीय लोगों में फैली दहशत
घटना के समय आस-पास रहने वालों ने एक जोरदार आवाज सुनी. रेलवे के कर्मचारियों ने तुरंत पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया. एहतियात के तौर पर प्रभावित पटरी पर ट्रेनों के गुजरने पर अस्थायी रूप से रोक दिया गया. रेलवे टीम ने तुरंत काम शुरू कर दिया. क्षतिग्रस्त डिब्बों और पटरियों का निरीक्षण किया गया. राहत और बहाली का काम देर रात तक चलता रहा. एक तकनीकी टीम बनाई गई है जो इस पूरे मामले की विस्तार से जांच करेगी और रिपोर्ट तैयार करेगी. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द सामान्य ट्रेन सेवाएं बहाल करने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस भी पहुंची मौके पर
स्थानीय कोतवाली पुलिस को सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि यह घटना रखरखाव कार्य के दौरान हुई थी. राहत की बात यह है कि ट्रेन में सवारी मौजूद नहीं थी. जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया. पुलिस ने भी रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की जानकारी जुटाई.
हाल ही में रेलवे से जुड़ी कई घटनाएं
यह घटना देश में हाल ही में हुई रेल दुर्घटनाओं की एक लंबी लिस्ट का हिस्सा है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. सोमवार सुबह बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन के पास सासाराम-पटना तेज रफ्तार यात्री ट्रेन के एक डिब्बे में आग लग गई. ट्रेन पटना के लिए रवाना होने वाली थी. आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है. लेकिन इस घटना में भी कोई यात्री घायल नहीं हुआ. इससे एक दिन पहले रविवार को राजस्थान के कोटा के पास दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस के दो पिछले डिब्बों में आग लग गई. रेलवे अधिकारियों ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. ओवरहेड बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई और ट्रेन को रोक दिया गया. ट्रेन की सिक्योरिटी सिस्टम्स सही समय पर काम कर गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया.




