NDA को 7 तो सपा को मिल सकती हैं 2 सीटें, लेकिन 10वीं सीट कौन जीतेगा? समझिए यूपी में राज्यसभा चुनाव का पूरा गणित
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है. इसे लेकर लखनऊ से दिल्ली तक हलचल मच गई है. 397 मौजूदा विधायकों वाली विधानसभा में एक राज्यसभा सीट के लिए 37 वोटों का कोटा है. मौजूदा संख्या के आधार पर NDA 7 और सपा 2 सीटें निकालने की स्थिति में है. असली मुकाबला 10वीं सीट पर है.
UP Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश में 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर लखनऊ से दिल्ली तक हलचल तेज है. वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के 'सेवा तीर्थ' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की दो दिवसीय चिंतन बैठक का पहला चरण भी संपन्न हो चुका है. इस बड़े मंथन में पीएम मोदी ने सभी 68 मंत्रियों के साथ 'विकसित भारत 2047' के रोडमैप, सरकारी योजनाओं की सौ फीसदी डिलीवरी, मंत्रियों की कार्यकुशलता और 'जन विश्वास से जन भागीदारी' जैसे अहम विषयों पर गहन चर्चा की है.
इस राष्ट्रीय चिंतन और यूपी में अमित शाह व सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ हो रही लगातार बैठकों का आपस में गहरा सियासी जुड़ाव है. इन सभी रणनीतिक मुलाकातों का सीधा उद्देश्य 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सरकार के कामकाज को रफ्तार देना और संगठन को हर स्तर पर मजबूत करना है.
क्या है चुनावी समीकरण?
अगर राज्यसभा चुनाव के अंकगणित की बात करें, तो यूपी विधानसभा की 397 सीटों के हिसाब से एक प्रत्याशी को जीत के लिए करीब 37 से 38 वोटों की आवश्यकता होगी. आंकड़ों के मुताबिक, 294 विधायकों के समर्थन के साथ एनडीए गठबंधन की 7 सीटें और 103 विधायकों के साथ समाजवादी पार्टी की 2 सीटें पूरी तरह पक्की मानी जा रही हैं.
10वीं सीट को लेकर असली मुकाबला
असली मुकाबला 10वीं सीट को लेकर फंसा हुआ है, जहां बीजेपी 8वीं सीट के लिए और सपा तीसरी सीट के लिए अपनी नजरें जमाए हुए हैं. 7 सीटें पक्की करने के बाद बीजेपी के पास करीब 30 से 32 अतिरिक्त वोट हैं, यानी 8वीं सीट के लिए उसे 5 से 6 और वोटों का इंतजाम करना होगा. दूसरी ओर, सपा भी अपने 27 अतिरिक्त वोटों के भरोसे तीसरी सीट पर दांव लगाने की रणनीति बना रही है.
अगर दोनों पक्ष अपने अतिरिक्त उम्मीदवार उतारते हैं, तो क्रास वोटिंग और राजनीतिक जोड़-तोड़ का खेल तय है. यही वजह है कि दिल्ली में चिंतन बैठकों से लेकर संगठन स्तर पर सहयोगियों को साधने का काम एक साथ तेजी से चल रहा है.
कब होगा चुनाव?
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी. नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होगी, जबकि 6 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख है.




