Begin typing your search...

UP Budget सेशन 2026 से पहले सदन में होगा हंगामा, योगी सरकार को क्यों घेरना चाहती है सपा?

उत्तर प्रदेश में बजट सेशन से पहले समाजवादी पार्टी हंगामा कर सकती है. पार्टी कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरना चाहती है और इसके मद्देनजर सदन परिसर में प्रादर्शन देखने को मिल सकता है.

UP Budget सेशन 2026 से पहले सदन में होगा हंगामा, योगी सरकार को क्यों घेरना चाहती है सपा?
X
( Image Source:  X-@ANI )
समी सिद्दीकी
Edited By: समी सिद्दीकी

Published on: 9 Feb 2026 7:29 AM

UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार शुरुआत की ओर बढ़ता दिख रहा है. सेशन से पहले ही समाजवादी पार्टी (सपा) ने सरकार को घेरने की पूरी रणनीति तैयार कर ली है. 9 फरवरी को बजट सेशन की शुरुआत हो रही है, ऐसे में सोमवार को सपा विधायक विधानभवन परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर प्रदर्शन करेंगे.

इसके बाद सदन के भीतर राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध करते हुए ‘गो-बैक’ के नारे लगाने का भी प्लान है. यूपी बजट सेशन 2026 पहले पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में विधायक मंडल दल की बैठक हुई, जिसमें सरकार को घेरने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.

सरकार को क्यों घेरने का प्लान बना रही है समाजवादी पार्टी?

पार्टी ने तय किया है कि एसआईआर से जुड़ी कथित गड़बड़ियों को सदन में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा. इसके अलावा बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, खाद संकट, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बिचौलियों के जरिये खरीद और कोडीन सिरप से जुड़े मामले को भी प्रमुखता से उठाने का फैसला किया गया है.

क्या बोले अखिलेश यादव?

विधायक मंडल दल की बैठक के बाद अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील पर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह डील नहीं, बल्कि 'ढील' है, जिससे खेती-किसानी पर संकट आएगा. अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि देश के किसान और एमएसएमई अमेरिकी कंपनियों से कैसे मुकाबला करेंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश का बजट आम जनता के हित में इस्तेमाल नहीं किया जाता है.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलाई बैठक

उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र को लेकर सभी दलों से सहयोग की अपील की है. रविवार को विधानभवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में, नेता सदन के तौर पर उन्होंने विधानसभा में पॉजीटिव और हेल्दी डिसकशन की जरूरत पर जोर दिया.

क्या बोले सीएम योगी आदित्यनाथ?

मुख्यमंत्री ने कहा कि रचनात्मक संवाद से राज्य का विकास होता है और जनता की समस्याओं का समाधान निकलता है. उन्होंने सभी विधायकों से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलने देने की गुजारिश भी की. उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू होना है. हालांकि, सत्र की शुरुआत से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के तेवरों से साफ है कि पहले दिन सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है.

UP NEWS
अगला लेख