Begin typing your search...

चचा हैं तो सपा है... क्या MLC चुनाव में शिवपाल यादव ने पलट दी बाजी, वाराणसी से लेकर आगरा तक यूं ही नहीं हिली BJP?

यूपी MLC चुनाव में शिवपाल यादव की भूमिका चर्चा में है. वाराणसी और आगरा में सपा की जीत ने BJP की रणनीति और 2027 के UP Assembly Elections को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

चचा हैं तो सपा है... क्या MLC चुनाव में शिवपाल यादव ने पलट दी बाजी, वाराणसी से लेकर आगरा तक यूं ही नहीं हिली BJP?
X

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव नतीजों ने प्रदेश ही नहीं दिल्ली के सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है. सीटों की संख्या के लिहाज से भाजपा छह सीटें जीतकर आगे रही, लेकिन समाजवादी पार्टी ने अपनी सीटें तीन से बढ़ाकर पांच कर लीं. खास बात यह है कि 2020 में भी भाजपा को छह सीटें मिली थीं. यानी भाजपा अपनी पुरानी संख्या बरकरार रखने में सफल रही, लेकिन सपा ने दो सीटों का इजाफा कर अपनी राजनीतिक मौजूदगी का दायरा बढ़ाया है. यही वो सवाल है, जिसने भाजपा को सोचने के लिए मजबूर कर दिया है. फिर एमएलवी चुनाव परिणाम आने के बाद से जिस तरह से मुलायम सिंह यादव के बैकबोन रहे शिवपाल यादव सुर्खियों में आ गए हैं, इससे साफ है कि अब अखिलेश यादव को भी अपना मन चचा को लेकर बदलना होगा. ऐसा इसलिए कि सोशल मीडिया पर अभी से कहा जा रहा है कि 'चचा हैं तो सपा है.'

खास बात यह है कि पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों पर सपा ने एमएलसी चुनाव में जीत दर्ज की. आगरा-अलीगढ़ शिक्षक सीट पर कब्जा और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर सफलता ने सपा के सियासी ग्राफ के लिहाज से अहम बना दिया. सपा समर्थक इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के पक्ष में बने माहौल के संकेत के तौर पर पेश कर रहे हैं. इसी बीच 'चचा हैं तो सपा है' का नारा और शिवपाल यादव की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में आ गई है.

क्या MLC चुनाव में शिवपाल यादव ने बदल दी बाजी?

विधान परिषद चुनाव में शिवपाल सिंह यादव की भूमिका को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं. सियासी विश्लेषकों के मुताबिक, आगरा से वाराणसी तक शिवपाल यादव और उनकी टीम ने जिस तरह चुनावी मोर्चे पर सक्रियता दिखाई, उससे उनकी संगठनात्मक क्षमता और चुनावी प्रबंधन की अहमियत सामने आई है.

खासकर वाराणसी में चुनावी गतिविधियों के बीच शिवपाल यादव ने कमान संभाली और अपना पर्यवेक्षक भेजा. सपा समर्थकों का दावा है कि इस सक्रियता ने भाजपा की रणनीति के सामने चुनौती पेश की. सोशल मीडिया पर राकेश यादव की टिप्पणी भी चर्चा में है कि 2027 में हर काउंटिंग पर ऐसे ही पर्यवेक्षक मिलेंगे.

हालांकि, चुनाव परिणामों में शिवपाल की व्यक्तिगत भूमिका को कितना निर्णायक माना जाए, इसका आकलन संगठनात्मक रणनीति और प्रत्याशियों के प्रदर्शन के साथ ही किया जाना चाहिए. फिर भी इस चुनाव ने सपा में उनकी राजनीतिक उपयोगिता को नए सिरे से हेडलाइंस में ला दिया है.

MLC चुनाव के बाद शिवपाल की चर्चा क्यों?

इसकी एक बड़ी वजह सपा के पुराने संगठनात्मक ढांचे और मौजूदा नेतृत्व के बीच शिवपाल यादव की भूमिका है. मुलायम सिंह यादव, बेनी प्रसाद वर्मा और जनेश्वर मिश्र जैसे अनुभवी नेताओं की अनुपस्थिति में शिवपाल को पार्टी के उन नेताओं में गिना जाता है, जिनके पास लंबा राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव है.

विधान परिषद चुनाव में उनकी सक्रियता के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी क्षमता का पहले से अधिक इस्तेमाल करेंगे? क्या पार्टी उन्हें संगठन और चुनाव प्रबंधन में बड़ी जिम्मेदारी देगी? और क्या चुनाव के बाद उनके राजनीतिक सम्मान और भूमिका को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होगी?

यही वजह है कि इस जीत के बाद 'चचा हैं तो सपा है' का नारा केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि सपा की अंदरूनी राजनीति और 2027 की रणनीति के संदर्भ में भी देखा जा रहा है.

'यादव सरकार' के पोस्टर में अखिलेश की फोटो क्यों नहीं?

फर्रुखाबाद के राममूर्ति यादव, जिन्हें 'यादव सरकार' के नाम से भी जाना जाता है, का एक पोस्टर भी चर्चा में है. पोस्टर पर लिखा है- 'चचा हैं तो सपा है.' दिलचस्प बात यह है कि पोस्टर में अखिलेश यादव की तस्वीर नहीं दिखाई देती.

इसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या यह शिवपाल यादव के प्रति समर्थकों की व्यक्तिगत प्रशंसा है या इसके जरिए कोई राजनीतिक संदेश देने की कोशिश हुई है? फिलहाल इस पोस्टर को लेकर चर्चाएं हैं, लेकिन इसे सपा के भीतर किसी मतभेद का प्रमाण नहीं माना जा सकता.

वाराणसी और आगरा की जीत से BJP को क्या संदेश मिला?

सपा ने लखनऊ स्नातक, आगरा-अलीगढ़ शिक्षक, वाराणसी स्नातक, वाराणसी शिक्षक और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीटों पर जीत दर्ज की. भाजपा के खाते में लखनऊ शिक्षक, आगरा स्नातक, मेरठ स्नातक, मेरठ शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीटें गईं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की दोनों सीटों पर सपा की जीत ने सबसे अधिक ध्यान खींचा. वहीं आगरा-अलीगढ़ शिक्षक सीट पर जीत और लखनऊ स्नातक सीट पर भाजपा की हार भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रही.

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नतीजों पर अपना रिएक्शन देते हुए कहा था, 'समाजवादी पार्टी का खाता वहां भी खुल गया, जहां नहीं खुलना चाहिए था.' उन्होंने माना कि भाजपा को पिछली बार से अधिक सीटें जीतने की उम्मीद थी और पार्टी नतीजों की समीक्षा करेगी.

क्या MLC चुनाव के नतीजे 2027 की तस्वीर बदल सकते हैं?

विधान परिषद चुनाव और विधानसभा चुनाव का मतदाता वर्ग अलग होता है, इसलिए इन नतीजों को 2027 का सीधा संकेत या जनादेश मानना उचित नहीं होगा. लेकिन राजनीतिक संदेश के लिहाज से सपा के लिए तीन से पांच सीटों तक पहुंचना महत्वपूर्ण है.

भाजपा ने छह सीटें बरकरार रखीं, जबकि सपा ने अपनी संख्या बढ़ाई. ऐसे में असली सवाल यह है कि क्या सपा इस प्रदर्शन को संगठनात्मक मजबूती में बदल पाएगी? अखिलेश यादव के नेतृत्व में शिवपाल यादव की भूमिका कितनी बढ़ेगी और क्या पार्टी इस चुनावी सक्रियता को प्रदेशव्यापी राजनीतिक विस्तार दे पाएगी?

'अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज तो झांकी है, पूरा यूपी बाकी है' का नारा देकर सपा समर्थक 2027 की तैयारी का संदेश दे रहे हैं. अब देखना होगा कि 'चचा हैं तो सपा है' का यह सियासी नैरेटिव विधानसभा चुनाव तक कितना प्रभावी रहता है. क्या आगामी तीन से चार महीनों में भाजपा इसका काट निकाल पाएगी?

अखिलेश यादवएक्सप्लेनर
अगला लेख