कंबोडिया में भारतीय सिम को किया एक्टिव, फिर डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 85 लाख रुपये; अब नोएडा पुलिस ने गुरुग्राम से किया गिरफ्तार
Noida साइबर क्राइम पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए 85 लाख रुपये की ठगी कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी भारतीय सिम को ई-सिम में बदलकर उसे कंबोडिया में साइबर अपराधियों तक पहुंचाता था. पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम से पकड़ा है. जांच में पता चला कि इसी ई-सिम का इस्तेमाल पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने में किया गया था.
डिजिटल अरेस्ट से 85 लाख की ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
Noida Digital Arrest Scam Accused Arrested: नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए 85 लाख रुपये की ठगी कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर भारतीय सिम को ई-सिम के रूप में एक्टिवेट कर उसे कंबोडिया में साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाना नोएडा में दर्ज एक मुकदमे में पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट कर 85 लाख रुपये की ठगी की गई थी. मामले की जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट के लिए किया गया था, उसे एक मोबाइल कंपनी के पीओएस एजेंट द्वारा ई-सिम के रूप में एक्टिवेट किया गया था. जांच में सामने आया कि एक्टिवेशन के बाद उस नंबर का इस्तेमाल कंबोडिया से साइबर अपराध को अंजाम देने में किया गया.
थाना साइबर क्राइम पुलिस ने क्या बताया?
- थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज पुत्र फूल सिंह को गिरफ्तार किया है.
- आरोपी हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है और उसकी उम्र 26 वर्ष बताई गई है. वह 10वीं तक पढ़ा हुआ है.
- पुलिस के मुताबिक आरोपी भारतीय सिम को ई-सिम के रूप में विदेश में एक्टिवेट कराने में शामिल था, जिसका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया गया.
- फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने क्या बताया?
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि साइबर थाना नोएडा में एक मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें डिजिटल अरेस्ट करते हुए 85 लाख रुपए की धोखाधड़ी के संबंध में वादी के तहरीर दिया गया था, जिसके आधार पर अभियोग पर पंजीकृत किया गया था. आज इस मामले में एक आरोपी को गुरुग्राम से साइबर क्राइम पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है. इस व्यक्ति के द्वारा भारतीय सिम को ई-सिम के रूप में कंबोडिया में एक्टिवेट किया गया था. अभियुक्त को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.




