श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर नोएडा पुलिस का एक्शन प्लान, 12 फीट से ऊंचे DJ पर रोक, जानिए गाइडलाइन में क्या-क्या
श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा, ट्रैफिक और शिविर संचालन के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की है. 12 फीट से ऊंचे DJ और अव्यवस्थित शिविरों पर सख्त कार्रवाई होगी.
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग स्तर पर बैठकें कर आयोजकों, डीजे संचालकों और स्थानीय नागरिकों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की. सेंट्रल नोएडा में एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने सभी एसीपी, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और बीट अधिकारियों के साथ बैठक कर हर थाना क्षेत्र में कांवड़ रजिस्टर तैयार करने और पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए. साथ ही स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया.
बैठक में कांवड़ मार्गों की स्थिति पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सड़कों के गड्ढे भरने, स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने और अन्य नागरिक सुविधाओं को समय रहते ठीक कराने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
पुलिस ने डीजे संचालकों के लिए भी स्पष्ट गाइडलाइन जारी की है. कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी डीजे की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी. वहीं शिविर और पंडाल लगाने वाले आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, यातायात प्रभावित न होने देने और प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के लिए कहा गया है.
नोएडा पुलिस के गाइडलाइन में क्या-क्या?
ग्रेटर नोएडा में एसीपी-3 डॉ. रवि शंकर ने थाना कासना में शिविर आयोजकों, डीजे संचालकों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविर केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो.
मानसून को देखते हुए पुलिस ने शिविरों में बिजली के उपकरणों की सुरक्षित व्यवस्था करने, शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचाव के इंतजाम रखने और प्रत्येक शिविर में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) व मेडिकल किट उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. इसके लिए पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग मिलकर लगातार निगरानी करेंगे, ताकि यात्रा बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके.




