Begin typing your search...

नोएडा में 12वीं मंजिल पर लगी आग, 7वें फ्लोर तक ही पहुंचा फायर ब्रिगेड का पानी, लोग बोले- पौधों को दिया पानी

नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी की 12वीं मंजिल पर लगी आग ने हाईराइज इमारतों में दमकल विभाग की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में दमकल का पानी 6-7 मंजिल तक भी पहुंचता नहीं दिख रहा है.

नोएडा में 12वीं मंजिल पर लगी आग, 7वें फ्लोर तक ही पहुंचा फायर ब्रिगेड का पानी, लोग बोले- पौधों को दिया पानी
X
( Image Source:  X-@ANI )

नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में शुक्रवार सुबह लगी आग लग गई. इस दौरान कई तस्वीरें सामने आईं, जो हाईराइज इमारतों में सुरक्षा इंतजामों और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर कई तरह के सवाल खड़े कर रही हैं.

यह 28 मंजिला टावर था जिसकी 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में सुबह करीब 8 बजे अचानक आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है. कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची लपटें उठने लगीं. आग के साथ उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा थाय घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलने लगे.

छठी मंजिल तक नहीं पहुंचा दमकल का पानी?

आग जिस मंजिल पर लगी थी, वह दमकल विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गई. चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के अनुसार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई थीं, लेकिन उनके उपकरणों से छोड़ा जा रहा पानी केवल छठी या सातवीं मंजिल तक ही पहुंच पा रहा था, जबकि आग 12वीं मंजिल पर लगी हुई थी.

इसके कारण शुरुआती समय में आग बुझाने के प्रयासों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.हालांकि दमकल विभाग की टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखा. राहत और बचाव कार्यों के साथ आग पर काबू पाने की कार्रवाई भी जारी रही. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया और स्थिति को सामान्य किया गया.

घटना के बाद सोसायटी में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. साथ ही आसपास के फ्लैटों में मौजूद निवासियों को भी एहतियात के तौर पर बाहर निकाला गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल दमकल विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?

घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए हैं.

लोगों ने क्या उठाए सवाल?

National Spokesperson AICC रागिनी नायक ने ट्वीट करते हुए कहा,"नोएडा के सेक्टर-75 में एक इमारत की 12वीं मंजिल पर आग लग गई है. सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि दमकल विभाग की पानी की बौछारें केवल 5वीं मंजिल तक ही पहुंच पा रही हैं.

पोस्ट में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गया है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है. साथ ही व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा गया है कि कम से कम इस घटना पर नेताओं की ओर से प्रतिक्रिया ही मिल जाए, वही काफी होगी.

सौरभ नाम के यूजर लिखते हैं,"नोएडा के सेक्टर 75 में 12वीं मंज़िल पर आग लग गई है और फायर ब्रिगेड उसे बुझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उनका पानी सिर्फ़ 6-7वीं मंज़िल तक ही पहुँच पा रहा है, इसलिए यह वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कह रहा है कि यह बेकार सिस्टम है... जबकि वे शायद हिंदू-मुस्लिम मुद्दों के नाम पर वोट देंगे."

अगला लेख