Begin typing your search...

नोएडा में पहले आया आंधी-तूफान, अब आग मचा रही कहर, IVY काउंटी सोसाइटी से लेकर सेक्टर 52 का PG आया चपेट में

नोएडा में शुक्रवार सुबह आग लगने की दो बड़ी घटनाओं से हड़कंप मच गया. पहली घटना सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी में सामने आई, वहीं दूसरी घटना सेक्टर 52 के एक पीजी में हुई.

नोएडा में पहले आया आंधी-तूफान, अब आग मचा रही कहर, IVY काउंटी सोसाइटी से लेकर सेक्टर 52 का PG आया चपेट में
X
( Image Source:  X-@ANI )
मोहम्मद रज़ा
By: मोहम्मद रज़ा3 Mins Read

Published on: 5 Jun 2026 10:59 AM

नोएडा में शुक्रवार सुबह आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी. पहली घटना सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में हुई, जबकि दूसरी घटना सेक्टर-52 की एक पीजी बिल्डिंग में सामने आई. हालांकि, फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. इससे एक दिन पहले ही दिल्ली एनसीआर में तेज तूफान ने दस्तक दी थी. इसके साथ ही मूसलाधार बारिश भी हुई थी.

पहली घटना सेक्टर-75 की आईवी काउंटी सोसाइटी में हुई, जहां एक टावर की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में अचानक आग लग गई. आग की सूचना मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरी इमारत को खाली कराया गया.

इसके बाद दमकल कर्मियों ने सोसाइटी में मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम और आधुनिक उपकरणों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया. कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. घटना के दौरान आसपास के लोगों में डर और चिंता का माहौल बना रहा, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.

सेक्टर 52 पीजी में भी लगी आग?

इसी बीच फायर विभाग को सेक्टर-52 से दूसरी आग लगने की सूचना मिली. यहां एक ऐसी बिल्डिंग में आग लगी थी, जिसके निचले हिस्से में रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, जबकि ऊपर के फ्लोर पर पीजी चल रहा था.

कैसे लगी सेक्टर 52 में आग?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में रखे फ्रिज के कंप्रेसर में विस्फोट होने के बाद आग लगी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया.

घटना के समय बिल्डिंग के अंदर करीब 15 लोग मौजूद थे. फायर विभाग की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके साथ ही आग को फैलने से रोकते हुए उस पर भी पूरी तरह काबू पा लिया गया.

क्या बोले CFO प्रदीप कुमार चौबे

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दोनों घटनाओं में फायर विभाग का रिस्पांस टाइम काफी बेहतर रहा. उन्होंने कहा कि सेक्टर-75 में आग बुझाने की कार्रवाई चल ही रही थी कि सेक्टर-52 की दूसरी सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल अतिरिक्त टीमों को रवाना किया गया.

सीएफओ के अनुसार, दोनों स्थानों पर आग पूरी तरह बुझा दी गई है. किसी भी घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

अगला लेख