Begin typing your search...

Noida International Airport से सफर अब पड़ेगा सस्ता, एयरलाइंस ने अचानक घटाए टिकट के दाम

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. IndiGo और Akasa Air ने कई रूट्स पर फ्लाइट टिकट सस्ते कर दिए हैं.

Noida International Airport से सफर अब पड़ेगा सस्ता, एयरलाइंस ने अचानक घटाए टिकट के दाम
X
( Image Source:  X-@ANI )
मोहम्मद रज़ा
By: मोहम्मद रज़ा3 Mins Read

Published on: 13 May 2026 10:33 AM

Noida International Airport से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है. एयरलाइंस कंपनियों ने अब टिकट की कीमतों में कटौती शुरू कर दी है, जिसके बाद कई शहरों के लिए हवाई यात्रा पहले के मुकाबले सस्ती हो गई है. माना जा रहा है कि किराया कम होने से जेवर एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो सकती है.

IndiGo और Akasa Air दोनों ने अलग-अलग रूट्स पर टिकट के दाम घटाए हैं. इससे उन यात्रियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है, जो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं.

किसने कितनी की कटौती?

जानकारी के मुताबिक, अकासा एयर ने बेंगलुरु रूट पर सबसे ज्यादा राहत दी है. इस रूट पर टिकट किराये में करीब 2 हजार रुपये तक की कटौती की गई है. इसके अलावा नवी मुंबई के लिए भी किराये में अच्छी-खासी कमी की गई है.

वहीं इंडिगो ने लखनऊ रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत दी है और टिकट की कीमतें कम की हैं. हालांकि बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ानों का किराया पहले की तुलना में बढ़ गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ एयरपोर्ट की इंडिगो फ्लाइट 3300 से 3500 तक मिल रही है.

कब शुरू होंगी सेवाएं?

गौरतलब है कि Noida International Airport से 15 जून से यात्री सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. इंडिगो पहले दिन से ही चार शहरों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं शुरू करेगी. दूसरी तरफ अकासा एयर 16 जून से अपनी फ्लाइट्स शुरू करेगी. कंपनी ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है.

शुरुआती दौर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टिकट की कीमतें Indira Gandhi International Airport के मुकाबले ज्यादा होने को लेकर सवाल उठ रहे थे. कई लोगों का कहना था कि अगर दिल्ली एयरपोर्ट से कम किराये में उड़ान उपलब्ध है, तो यात्री जेवर एयरपोर्ट क्यों चुनेंगे. इस मुद्दे को लेकर जेवर के विधायक ने प्रधानमंत्री Narendra Modi और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath को भी पत्र लिखा था.

अब एयरलाइंस कंपनियों की ओर से किराये में कटौती किए जाने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि यात्रियों का रुझान जेवर एयरपोर्ट की तरफ बढ़ेगा और टिकट बुकिंग में तेजी देखने को मिल सकती है.

अगला लेख