Begin typing your search...

पहले बैठे फिर लेटे...अचानक लगाई छलांग, 30 सेकेंड के VIDEO में रसिक दुलारी के सुसाइड की कहानी, अब प्रेमानंद आश्रम के बाहर कौन दे रहा धरना?

रसिक दुलारी शरण के आखिरी पलों का 30 सेकेंड का CCTV वीडियो सामने आया है. जानें फुटेज में क्या दिखा और प्रेमानंद महाराज आश्रम के बाहर धरना क्यों हुआ.

पहले बैठे फिर लेटे...अचानक लगाई छलांग, 30 सेकेंड के VIDEO में रसिक दुलारी के सुसाइड की कहानी, अब प्रेमानंद आश्रम के बाहर कौन दे रहा धरना?
X

वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े 25 वर्षीय शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत को एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन मामला अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हुआ है. 25 सितंबर 2026 को रसिक दुलारी शरण की गुरु कृपा कुंज की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई थी. शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना गया, लेकिन जांच के दौरान सामने आई चोटों, कमरे से मिले सामान और CCTV फुटेज ने कई सवाल खड़े कर दिए.

पुलिस ने आश्रम में लगे CCTV कैमरों के DVR, मृतक का मोबाइल और अन्य फोरेंसिक साक्ष्य जांच के लिए लिए हैं. साथ ही आश्रम में रहने वाले लोगों और मृतक के साथ रहने वालों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मौत की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. इसी के साथ अब एक नया CCTV सामने आया है जिसने कई सवाल फिर खड़े कर दिया है तो वहीं कहा जा रहा है कि आश्रम के बार प्रदर्शन हो रहा है तो आइए जानते हैं...

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?

मामले में सबसे ज्यादा सवाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद उठे. रिपोर्ट के मुताबिक, रसिक दुलारी शरण के शरीर पर कई गंभीर चोटें मिलीं. सिर पर सिला हुआ घाव था, जिस पर 14 टांके लगे थे. इसके अलावा शरीर के दूसरे हिस्सों में भी चोटें दर्ज की गईं. रिपोर्ट में प्राइवेट पार्ट के मूल हिस्से पर भी गहरा सिला हुआ घाव बताया गया, जिस पर पांच टांके लगे थे. रिपोर्टों के मुताबिक, शरीर पर मिली चोटों को मृत्यु से पहले की चोटों के तौर पर दर्ज किया गया है. मौत अत्यधिक रक्तस्राव और गिरने से आई गंभीर चोटों से जुड़ी बताई गई है. हालांकि, निजी अंग पर लगी चोट कैसे लगी और उस पर टांके किसने लगाए, यह सवाल अभी जांच का हिस्सा है. पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है.

कमरे से मिला ग्राइंडर क्यों बना जांच का अहम हिस्सा?

पुलिस जांच के दौरान रसिक दुलारी शरण के कमरे से एक इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मिलने की जानकारी सामने आई. कुछ रिपोर्टों में ग्राइंडर पर खून के निशान होने की बात कही गई है. इसी वजह से पुलिस और फोरेंसिक टीम इस सामान को भी जांच के दायरे में रख रही है. यहीं से मामले में सबसे बड़ा सवाल सामने आया कि कमरे में मिले ग्राइंडर, शरीर पर मौजूद चोट और चौथी मंजिल से गिरने की घटना के बीच क्या संबंध था. फिलहाल पुलिस की जांच पूरी नहीं हुई है, इसलिए इन चीजों के आधार पर हत्या, आत्महत्या या किसी दूसरे घटनाक्रम का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.

अब सामने आया नया CCTV, छत पर क्या करते दिखे रसिक दुलारी?

अब इस मामले में एक और CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने रसिक दुलारी शरण के आखिरी पलों की तस्वीर को और साफ किया है. रिपोर्टों के मुताबिक करीब 30 सेकंड के इस फुटेज में वह चौथी मंजिल की छत पर दिखाई देते हैं. फुटेज में वह कुछ समय तक छत की बाउंड्री वॉल के पास बैठे नजर आते हैं. इसके बाद वह नीचे फर्श पर लेट जाते हैं. कुछ सेकंड बाद अचानक उठते हैं और बाउंड्री की तरफ जाकर नीचे छलांग लगा देते हैं. उसी दौरान एक अन्य साधक छत की तरफ आता दिखाई देता है और घटना के बाद नीचे झांकता है.

इससे पहले भी CCTV का एक फुटेज सामने आया था, जिसमें रसिक दुलारी शरण को चौथी मंजिल से नीचे गिरते हुए देखा गया था. अब छत वाला फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के पास घटना से ठीक पहले की गतिविधियों को समझने के लिए एक और महत्वपूर्ण सबूत है.

CCTV से क्या साफ हुआ और क्या अब भी सवाल है?

नए CCTV से इतना जरूर सामने आता है कि रसिक दुलारी शरण छत पर पहुंचे, कुछ देर बाउंड्री के पास रहे और फिर नीचे गिरे. लेकिन वीडियो अपने आप यह नहीं बताता कि उससे पहले कमरे में क्या हुआ था या शरीर पर लगी चोटें किस परिस्थिति में आई थीं. यही वजह है कि पुलिस CCTV को पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कमरे से मिले सामान, मोबाइल फोन और फोरेंसिक रिपोर्ट के साथ जोड़कर देख रही है. पुलिस ने DVR और दूसरे डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है.

परिवार ने भी उठाए सवाल

रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद उनके परिवार की ओर से भी कई सवाल उठाए गए हैं. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, परिवार ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है. कुछ रिपोर्टों में परिवार की ओर से CBI जांच की मांग किए जाने की भी जानकारी है. पुलिस ने मृतक के परिवार के बयान भी दर्ज किए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले रसिक दुलारी की स्थिति क्या थी और आश्रम में उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे. पुलिस ने उनके साथ रहने वाले लोगों और अन्य साधकों से भी पूछताछ की है.

प्रेमानंद महाराज के आश्रम के बाहर अब क्यों हुआ प्रदर्शन?

रसिक दुलारी शरण की मौत की जांच के बीच अब प्रेमानंद महाराज से जुड़े आश्रम के बाहर एक दूसरा मामला सामने आया है. News Leader के वीडियो के मुताबिक, हाथरस के सादाबाद निवासी अनुज चौधरी के परिजनों ने उसे लेकर आश्रम के बाहर धरना दिया. परिवार के मुताबिक, अनुज करीब तीन महीने पहले प्रेमानंद महाराज से दीक्षा लेने की इच्छा से वृंदावन आया था. इसके बाद वह घर नहीं लौटा और परिजनों का उससे नियमित संपर्क नहीं हो पाया. परिवार का आरोप है कि उन्होंने कई बार आश्रम जाकर अनुज के बारे में जानकारी लेने और उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिली.

अनुज चौधरी को लेकर परिवार की क्या शिकायत है?

अनुज के पिता राजवीर चौधरी के मुताबिक, उनका बेटा 3 जुलाई को घर से वृंदावन के लिए निकला था. परिवार का कहना है कि इसके बाद से वह घर नहीं लौटा. परिजनों ने आश्रम से जुड़े लोगों से संपर्क करने की कोशिश की और लगातार अनुज की तलाश करते रहे. मामला सामने आने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने आश्रम के बाहर प्रदर्शन किया और अनुज से मुलाकात कराने की मांग की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जानकारी जुटाने और युवक की तलाश की बात कही है.

क्या अनुज आश्रम में ही है?

इस मामले में भी अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं. कुछ ताजा रिपोर्टों में दावा किया गया है कि दबाव बढ़ने के बाद आश्रम प्रबंधन ने अनुज की मौजूदगी स्वीकार की है और वह सुरक्षित है. वहीं परिवार की मुख्य शिकायत यह है कि उन्हें लंबे समय तक बेटे से मिलने या उसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. इसलिए अनुज के मामले में भी परिवार के आरोप और आश्रम की स्थिति को अलग-अलग रखना जरूरी है. पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के आधिकारिक बयान से ही पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.

रसिक दुलारी शरण मामले में अब तक क्या हुआ?

अब तक सामने आई जानकारी को अगर सिलसिलेवार देखें तो 25 सितंबर को रसिक दुलारी शरण की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई. इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और CCTV फुटेज अपने कब्जे में लिए. पोस्टमार्टम में शरीर पर कई गंभीर चोटें और निजी अंग के मूल हिस्से पर पांच टांके वाला घाव दर्ज हुआ. कमरे से ग्राइंडर मिलने की जानकारी भी सामने आई. इसके बाद पुलिस ने मृतक का मोबाइल, CCTV DVR और अन्य साक्ष्य फोरेंसिक जांच के लिए भेजे. आश्रम में रहने वाले कई लोगों से पूछताछ की गई. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले क्या हुआ था और शरीर पर मिली चोटें किन परिस्थितियों में आईं.

अब नया CCTV सामने आया है, जिसमें रसिक दुलारी शरण को छत पर बैठने, फर्श पर लेटने और फिर बाउंड्री से नीचे जाते हुए देखा जा रहा है. इस फुटेज ने घटना के आखिरी पलों की एक और कड़ी पुलिस के सामने रख दी है. हालांकि, मौत की पूरी वजह और शरीर पर मिली चोटों की परिस्थितियों को लेकर अंतिम निष्कर्ष अभी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.

अगला लेख