Noida के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, 30 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू; 8 दुकानें जलकर खाक- देखिए VIDEO
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. दमकल विभाग की 30 गाड़ियों ने एक घंटे से कम समय में आग पर काबू पा लिया.
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि आग की वजह से कई दुकानों में भारी नुकसान हुआ है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है.
कैसे लगी शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में आग?
जानकारी के मुताबिक आग सबसे पहले प्लास्टिक फर्नीचर की एक दुकान में लगी थी. दुकान में मौजूद ज्वलनशील सामान की वजह से आग तेजी से फैल गई और आसपास की दुकानों तक पहुंच गई. फर्नीचर मार्केट होने के कारण लकड़ी, प्लास्टिक और अन्य सामान ने आग को और भड़काने का काम किया.
कितने बजे मिली सूचना और कैसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन?
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि रात करीब 10:15 बजे आग लगने की सूचना फायर विभाग को मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए जिले के अलग-अलग फायर स्टेशनों के साथ गाजियाबाद से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं.
30 दमकल गाड़ियों और 6 टीमों ने पाया आग पर काबू
फायर विभाग के मुताबिक कुल 30 दमकल गाड़ियों और 6 टीमों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे से भी कम समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
कितनी दुकानें आईं आग की चपेट में?
सीएफओ ने बताया कि आग की चपेट में कुल 8 दुकानें आईं, जबकि समय रहते 15 से 20 दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया. यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था.
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. फिलहाल फायर विभाग और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है.




