Begin typing your search...

जेवर एयरपोर्ट का फेक AI वीडियो बनाना पड़ा भारी! ‘Sach Bolo’ फेसबुक चैनल पर पुलिस का शिकंजा, आखिर क्या है पूरा मामला?

जेवर एयरपोर्ट का कथित फेक AI वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में ‘Sach Bolo’ फेसबुक अकाउंट के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. जानें वायरल वीडियो में क्या दिखाया गया और पुलिस अब मामले की कैसे जांच कर रही है.

जेवर एयरपोर्ट का फेक AI वीडियो बनाना पड़ा भारी! ‘Sach Bolo’ फेसबुक चैनल पर पुलिस का शिकंजा, आखिर क्या है पूरा मामला?
X

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट को लेकर सोशल मीडिया पर कथित फर्जी और भ्रामक वीडियो वायरल करने के मामले में जेवर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. एयरपोर्ट प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोप है कि ‘Sach Bolo’ नाम के फेसबुक अकाउंट से एयरपोर्ट में जलभराव और वहां की स्थिति से जुड़ा वीडियो प्रसारित किया गया.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शिफ्ट इंचार्ज सिक्योरिटी मयंक कुमार ने 15 अगस्त को जेवर थाने में शिकायत दी. शिकायत में कहा गया है कि ‘Sach Bolo’ नामक सोशल मीडिया अकाउंट से एयरपोर्ट से जुड़ी कथित घटनाओं और परिस्थितियों को दिखाने वाले छेड़छाड़ किए गए वीडियो और गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है.

शिकायत में क्या कहा गया?

शिकायत के अनुसार, कथित वीडियो 14 अगस्त 2026 को ‘Sach Bolo’ नाम के फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया गया था. एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि वीडियो में एयरपोर्ट की स्थिति को गलत तरीके से पेश किया गया है और इसमें दी गई जानकारी तथ्यात्मक रूप से गलत है.

शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की गलत और भ्रामक जानकारी से आम लोगों में अनावश्यक डर और भ्रम पैदा हो सकता है. इससे यात्रियों और अन्य हितधारकों को गलत जानकारी मिल सकती है. साथ ही, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की छवि और प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ सकता है.

एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने क्या कहा?

एयरपोर्ट प्रबंधन ने पुलिस को कथित भ्रामक वीडियो के स्क्रीनशॉट और फेसबुक पोस्ट का लिंक भी उपलब्ध कराया है. शिकायत में सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है. जेवर थाना पुलिस के मुताबिक, एयरपोर्ट प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वीडियो के स्रोत, उसकी सत्यता और सोशल मीडिया पर उसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.

अगला लेख