ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हिट एंड रन का खौफनाक VIDEO, कार की टक्कर से हवा में उछला युवक; आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे का VIDEO वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर Tata Punch कार जब्त कर ली.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे युवक को ऐसी टक्कर मारी कि वह कई फीट हवा में उछल गया. टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि युवक गंभीर हालत में सड़क पर जा गिरा.
हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना पांच सितंबर की सुबह करीब 4:35 बजे बिसरख थाना क्षेत्र के मूर्ति चौक की बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी टाटा पंच कार भी कब्जे में ले ली है.
क्या हुआ था?
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार टक्कर मारती है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक हवा में उछलकर कैमरे की नजर से गायब हो जाता है. हादसे के बाद उसका सामान सड़क पर ही गिरा रह जाता है. घटना में युवक के दोनों पैर, हाथ, घुटने और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है. हालांकि, इन चोटों से जुड़ी विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट की जानकारी सामने नहीं आई है.
आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
बिसरख थाना पुलिस के मुताबिक, मामले में अपराध संख्या 639/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125बी में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की टाटा पंच कार को भी कब्जे में लेकर थाना बिसरख में दाखिल कराया गया है.
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. विवेचना जारी है और सामने आने वाले तथ्यों तथा गुण-दोष के आधार पर मामले का विधिक निस्तारण किया जाएगा.




