Begin typing your search...

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अचानक आया स्पीड ब्रेकर, उछलकर सड़क पर गिरा बाइक सवार; डैशकैम में कैद हादसा- देखिए VIDEO

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर रोड पर बिना मार्किंग और रिफ्लेक्टर वाले स्पीड ब्रेकर से बाइक सवार गिरा. हादसे का वीडियो डैशकैम में कैद हुआ.

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अचानक आया स्पीड ब्रेकर, उछलकर सड़क पर गिरा बाइक सवार; डैशकैम में कैद हादसा- देखिए VIDEO
X
मोहम्मद रज़ा
मोहम्मद रज़ा3 Mins Read

Published on: 13 Nov 2026 9:12 PM

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर रोड पर सड़क सुरक्षा में लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां बिना किसी चेतावनी संकेत और रिफ्लेक्टर के बने स्पीड ब्रेकर की वजह से बाइक सवार हादसे का शिकार हो गया. पीछे चल रही कार के डैशकैम में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो बुधवार रात करीब 11 बजे का बताया जा रहा है. फुटेज में देखा जा सकता है कि एक बाइक सवार सामान्य गति से सड़क पर आगे बढ़ रहा है.

इसी दौरान अचानक स्पीड ब्रेकर सामने आने से बाइक उछल जाती है. झटका लगते ही चालक अपना संतुलन खो बैठता है और बाइक समेत सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटता चला जाता है. हादसे के दौरान पीछे से एक कार भी आ रही थी. हालांकि, बाइक सवार उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया. कार में लगे डैशकैम में हादसे का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया.

न मार्किंग, न रिफ्लेक्टर, रात में दिखाई नहीं देता स्पीड ब्रेकर

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर सफेद रंग की कोई मार्किंग नहीं है. इसके अलावा, रात में दूर से दिखाई देने के लिए रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाए गए हैं. ऐसे में अंधेरे के दौरान वाहन चालकों को स्पीड ब्रेकर का अंदाजा नहीं लग पाता. अचानक ब्रेकर सामने आने पर तेज या सामान्य गति से गुजर रहे वाहन चालक संतुलन खो सकते हैं. इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है.

स्थानीय लोगों ने की सुरक्षा इंतजाम करने की मांग

हादसे का वीडियो सामने आने के बाद सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से स्पीड ब्रेकर पर सफेद पट्टियां बनाने, रिफ्लेक्टर लगाने और पहले से चेतावनी देने वाले संकेतक लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाना जरूरी हो सकता है, लेकिन वाहन चालकों को उसकी जानकारी देने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम भी होने चाहिए. इस मामले में नोएडा पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि अभी तक पुलिस को घटना के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.

अगला लेख