Begin typing your search...

ग्रेटर नोएडा की PNB में लोगों के खातों से अचानक गायब हुए करोड़ों रुपये, 5 बैंककर्मी सस्पेंड; अब तक क्या-क्या हुआ? 10 पॉइंट्स

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित PNB शाखा में खाताधारकों के करोड़ों रुपये गायब होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ खातों की FD समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई. मामले में शाखा प्रबंधक समेत पांच बैंककर्मियों को निलंबित किया गया है. बैंक की एंटी करप्शन टीम जांच कर रही है.

Greater Noida PNB Case: Crores Missing, 5 Staff Suspended
X
मोहम्मद रज़ा
मोहम्मद रज़ा4 Mins Read

Updated on: 28 Oct 2026 11:42 AM IST

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी. कुछ खाताधारकों ने अपने खातों से लाखों रुपये गायब होने की शिकायत की है.

मामला सामने आने के बाद बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. वहीं, पुलिस को अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने शिकायत दी है. मामले की जांच पुलिस के साथ बैंक की एंटी करप्शन टीम भी कर रही है.

Greater Noida PNB case: 10 बड़े अपडेट

  1. ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव के रहने वाले गौतम ने बताया कि उनके पिता का खाता सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में है. परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत थी. चेकबुक नहीं होने के कारण वह बैंक में सामान्य प्रक्रिया के तहत पैसे निकालने पहुंचे थे. इसके लिए उन्होंने फॉर्म भरकर बैंक कर्मचारियों को दिया, लेकिन उन्हें बताया गया कि खाते में पर्याप्त रकम नहीं है.
  2. गौतम के मुताबिक, उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये थे, लेकिन बैंक में जानकारी लेने पर खाते में सिर्फ 16 हजार रुपये बचे होने की बात सामने आई. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की. गौतम का कहना है कि बैंक अधिकारियों की ओर से फिलहाल उन्हें आश्वासन दिया गया है.
  3. एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये आए थे. परिवार ने जरूरत के मुताबिक इसमें से लगभग 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे.
  4. खाताधारक के मुताबिक, इसके बाद खाते में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपये होने चाहिए थे, लेकिन अब खाते में एक रुपया भी नहीं बचा है. परिवार को पैसों की जरूरत थी. इसी दौरान परिचितों से उन्हें बैंक में कथित गड़बड़ी की जानकारी मिली.
  5. खाताधारक का कहना है कि बैंक की ओर से उन्हें 10 से 15 दिन के भीतर रकम वापस आने का आश्वासन दिया गया है. हालांकि, परिवार अब पुलिस में शिकायत देने की तैयारी कर रहा है.
  6. मामला सामने आने के बाद पंजाब नेशनल बैंक के के सीनियर अधिकारी 27 अक्टूबर को बैंक पहुंचे. उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया.
  7. बैंक की ओर से कार्रवाई करते हुए पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है. शाखा में नए स्टाफ की तैनाती की गई है. साथ ही, मामले में लापरवाही और कथित गड़बड़ी करने वालों की भूमिका की जांच की जा रही है.
  8. हालांकि, बैंक की ओर से अब तक पूरे मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. ऐसे में खाताधारकों की कितनी रकम प्रभावित हुई है और कथित तौर पर रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
  9. नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता ने बताया कि थाना बीटा-2 क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बैंक में खाताधारकों की शिकायतों के समाधान के लिए बैंक प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया है.
  10. प्रवक्ता के मुताबिक, प्रकरण में शाखा प्रबंधक सहित कई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देशित किया है.

पुलिस के अनुसार, अब तक 16 लोगों ने शिकायत दी है. फिलहाल शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में यह स्पष्ट होगा कि खाताधारकों के खातों से रकम कैसे निकाली गई या ट्रांसफर हुई और इस मामले में किन लोगों की भूमिका रही.

अगला लेख