Greater Noida: शादी में डीजे बजाने की ऐसी सजा, परिवार का बहिष्कार, क्यों उठाया गया ऐसा कदम?
ग्रेटर नोएडा के एक गांव में शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर पहले से तय पाबंदी तोड़ने पर ग्रामीणों ने कड़ा रुख अपनाते हुए उस परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया है.
dj ban wedding social boycott
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके के नवादा गांव में एक परिवार को पंचायत के नियमों की अनदेखी करना महंगा पड़ गया. शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर पहले से तय पाबंदी तोड़ने पर ग्रामीणों ने कड़ा रुख अपनाते हुए उस परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया है.
जानकारी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले गांव में एक पंचायत में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया था कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों में डीजे नहीं बजाया जाएगा. यह निर्णय गांव की शांति और पारंपरिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया था.
किसने बजवाया शादी में डीजे?
गांव के निवासी राजीव नागर ने अपने बेटे की शादी में सोमवार रात डीजे बजवाया. मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई, जिसके बाद मंगलवार को दोबारा पंचायत बुलाई गई. बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. पंचायत में वरिष्ठ ग्रामीणों ने कहा कि जब पूरे गांव ने मिलकर एक नियम बनाया है, तो उसका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है. नियमों की अनदेखी को गांव की एकता और सामाजिक अनुशासन के खिलाफ बताया गया.
लंबी चर्चा के बाद पंचायत ने राजीव नागर और उनके परिवार के सामाजिक बहिष्कार का फैसला सुनाया. इसके तहत गांव का कोई भी व्यक्ति अब उनके परिवार को किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में नहीं बुलाएगा और न ही उनके यहां आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होगा.
कब तक जारी रहेगा बहिष्कार?
फैसले के बाद पूरे गांव में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर इसकी जानकारी दी गई। पंचायत ने साफ किया कि जब तक परिवार सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगता और भविष्य में नियमों का पालन करने का भरोसा नहीं देता, तब तक बहिष्कार जारी रहेगा. इस फैसले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है.




