ग्रेटर नोएडा में युवक के गुप्तांग में एयर प्रेशर पाइप डालकर भरी हवा; हालत गंभीर, दो आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां मजाक मजाक में दोस्तों द्वारा एक युवक के गुप्तांग में एयर प्रेशर पाइप डालकर हवा छोड़ने का मामला सामने आया है. इस घटना में युवक की आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है.
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर मजाक के नाम पर की गई एक खतरनाक हरकत ने एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा दिया. घटना में युवक को गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि युवक अपने साथियों के साथ काम कर रहा था, तभी दो साथियों ने एयर प्रेशर पाइप का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ खतरनाक मजाक कर दिया. इस घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
सफाई का काम के दौरान हुई घटना
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घायल युवक और आरोपी एक ही स्थान पर सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत हैं.बताया जा रहा है कि काम के दौरान युवक झुककर सफाई कर रहा था. इसी दौरान उसके दो साथियों ने कथित तौर पर मजाक करते हुए एयर प्रेशर पाइप का इस्तेमाल किया. तेज दबाव वाली हवा शरीर के भीतर पहुंचने से युवक को गंभीर आंतरिक चोटें आईं.
आंतों को पहुंचा नुकसान
घटना के तुरंत बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी. उसके पेट में अत्यधिक दबाव बनने के कारण उसे गंभीर दर्द हुआ, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकीय जांच में आंतों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही रबूपुरा थाना पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने कथित रूप से इसे मजाक समझकर अंजाम दिया था. हालांकि इस हरकत के परिणाम बेहद गंभीर साबित हुए हैं. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
मजाक बना जानलेवा
यह घटना इस बात की चेतावनी भी है कि कार्यस्थल पर किया गया कोई भी लापरवाह मजाक गंभीर हादसे में बदल सकता है.विशेषज्ञों का मानना है कि औद्योगिक उपकरणों और एयर प्रेशर मशीनों का गलत इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है.




