अलवर में पुलिस स्टेशन के सामने दिनदहाड़े सैकुन खान की हत्या, पत्थर से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार- 10 Points में जानें पूरा मामला
राजस्थान के अलवर में पुलिस स्टेशन के पास 40 साल के सैकुन खान की पत्थर से हमला कर हत्या का मामला सामने आया है. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. 10 प्वाइंट्स में जानें पूरा मामला
राजस्थान के अलवर में पुलिस थाने के पास दिनदहाड़े 40 वर्षीय सैकुन खान की हत्या के बाद इलाके में तनाव और विरोध प्रदर्शन का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को बरौदा मेव पुलिस स्टेशन के पास एक व्यक्ति ने सैकुन खान को बाइक से नीचे गिराकर पत्थर से उनके सिर पर कई बार हमला किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसका मेंटर एग्जामिनेशन कराने की बात कही है. घटना को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं.
हत्या के बाद बरौदा मेव पुलिस स्टेशन और अलवर जिला अस्पताल के बाहर प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारियों ने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, सैकुन खान के परिवार को मुआवजा और घटना की परिस्थितियों की जांच की मांग की. प्रदर्शन के दौरान अलवर-भरतपुर रोड भी जाम किया गया.
10 Points में समझें मामला
1. पुलिस के मुताबिक, सैकुन खान अलवर के बड़ा वास के रहने वाले थे. 24 सितंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल से बरौदा मेव बाजार में टायर खरीदने गए थे.
2. पुलिस इंस्पेक्टर राजकुमार के अनुसार, सैकुन खान ने अपने गांव के रहने वाले नूर मोहम्मद को एक बैंक के पास उतारा था. इसके बाद वह करीब सुबह 10 बजे बरौदा मेव पुलिस स्टेशन के सामने से गुजर रहे थे.
3. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी हर्ष मूर्तिकार ने कथित तौर पर सैकुन खान को रोका और उन्हें मोटरसाइकिल से नीचे खींच लिया. इसके बाद पत्थर से उनके सिर पर बार-बार हमला किया गया.
4. पुलिस के मुताबिक, सैकुन खान और आरोपी के बीच पहले से कोई दुश्मनी नहीं थी और दोनों एक-दूसरे को जानते भी नहीं थे. पुलिस ने कहा कि आरोपी को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या होने की आशंका है.
5. इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि घटना पुलिस स्टेशन के बाईं तरफ हुई. पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जा चुका है और उसकी मेडिकल जांच की जा रही है.
6. गंभीर रूप से घायल सैकुन खान को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से उनकी हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर किया गया, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई.
7. घटना के बाद बरौदा मेव पुलिस स्टेशन और अलवर जिला अस्पताल के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन में तैनात कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई, सैकुन खान के परिवार को मुआवजा और उनकी मौत की परिस्थितियों की जांच कराने की मांग की.
8. विरोध प्रदर्शन के दौरान अलवर-भरतपुर रोड भी जाम कर दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई.
9. अलवर से कांग्रेस विधायक टीकाराम जूली ने घटना को राजस्थान की कानून-व्यवस्था के माथे पर ‘काला धब्बा’ बताया. उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का डर इतना कम हो गया है कि वे पुलिस स्टेशन के सामने भी वारदात करने से नहीं डर रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस स्टेशन ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी न्याय और सुरक्षा के लिए कहां जाए.
10. कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सैकुन खान की पुलिस स्टेशन के बाहर हुई हत्या को भयावह बताया. उन्होंने कहा कि परिवार का आरोप है कि सैकुन खान को उनकी दाढ़ी और टोपी की वजह से निशाना बनाया गया. उन्होंने मामले की पूरी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग राज्यों में बीजेपी नेताओं और मंत्रियों की ओर से दिए जाने वाले कथित भड़काऊ और सांप्रदायिक बयानों से अल्पसंख्यकों के खिलाफ पूर्वाग्रह और नफरत को बढ़ावा मिल रहा है.




