Begin typing your search...

पंजाब में बड़ा सियासी धमाका, नवजोत कौर सिद्धू ने लॉन्च की नई पार्टी; देंगी बीजेपी को चुनौती

नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (BRP) की शुरुआत कर दी है. पंजाब चुनाव से पहले इस कदम ने राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है.

Navjot Kaur Sidhu Launch Party
X
Navjot Kaur Sidhu Launch Party
( Image Source:  Instagram: navjotsinghsidhu )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Updated on: 7 April 2026 10:35 AM IST

नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने के बाद अपनी नई राजनीतिक पार्टी शुरू कर दी है. उन्होंने इस नई पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (BRP) रखा है. यह घोषणा पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले की गई है, जिससे राज्य की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है. नवजोत कौर सिद्धू पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी हैं.

सोमवार को नवजोत कौर ने अपनी नई पार्टी की घोषणा करते हुए लिखा, 'एक लंबे समय से जिस घोषणा का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार हो गई है. हमने विभिन्न राजनीतिक नेताओं के कामकाज और प्रदर्शन को ध्यान से देखा और परखा है. इसके बाद हमने राष्ट्रीय स्तर पर एक नया और बेहतर विकल्प तैयार करने का फैसला किया है. हम बस अपना पूरा जीवन अपने देश और देश की जनता के लिए समर्पित करना चाहते हैं. हम लोगों को वह सब कुछ वापस देना चाहते हैं, जिसके वे हकदार हैं और जिसकी उन्हें सच्ची उम्मीद है.'

सब वाहेगुरु जी की मर्जी है

उन्होंने आगे लिखा, 'एक दिव्य शक्ति (ईश्वरीय शक्ति) ने हमें कुछ समान विचारधारा वाले लोगों के साथ जोड़ा है. इन साथियों में हर राज्य में काम करने की क्षमता, पूरा आत्मविश्वास, साहस और मजबूत इरादा है. हमारा साझा लक्ष्य है पंजाब और पूरे देश में न्याय और शांति स्थापित करना. हम प्रेम के रास्ते से, उच्च चेतना (Higher Consciousness) की शक्ति के साथ, वाहेगुरु जी की मर्जी के अनुसार वो सब कुछ करना चाहते हैं जो वे हमसे चाहते हैं.'

BJP को चुनौती देने की तैयारी

नवजोत कौर सिद्धू ने संकेत दिया है कि जल्द ही उनकी पार्टी संगठन का विस्तार करने और विभिन्न स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा करेगी. पंजाब में भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (BRP) के आने से राज्य की राजनीति और ज्यादा गर्म हो गई है. अभी पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस है. दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत करने की लगातार कोशिश कर रही है. अब BRP की एंट्री के बाद BJP को एक नई चुनौती मिल सकती है.

गोल्डन पंजाब का सपना

नवजोत कौर ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब को उसका खोया हुआ गौरव वापस दिलाएगी. उन्होंने लिखा, 'हम पंजाब को फिर से स्वर्ण राज्य (Golden State) का दर्जा दिलाएंगे. वह पंजाब जहां लोग सिर्फ प्यार और मिलजुलकर रहना जानते हैं. जहां न्याय हो, आजादी हो और जहां कोई बाहरी ताकत लोगों के विचारों और फैसलों में दखल न दे. हम ऐसी सरकार बनाना चाहते हैं जो पंजाब के लोगों की हो, लोगों के लिए हो और पूरी तरह से लोगों की तरफ से काम करे.' इस नई पार्टी की शुरुआत से पंजाब की सियासी लड़ाई में अब चार बड़े खिलाड़ी नजर आ रहे हैं – आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, भाजपा और अब भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि नवजोत कौर सिद्धू अपनी नई पार्टी के जरिए पंजाब की राजनीति में कितना बड़ा असर छोड़ पाती हैं.

अगला लेख