चंडीगढ़ में 'जॉम्बी स्टेट' में खड़ा मिला डिलीवरी बॉय! 2 घंटे तक नहीं हिला, बुलानी पड़ी पुलिस; VIDEO वायरल
चंडीगढ़ में एक डिलीवरी बॉय का 2 घंटे तक एक ही जगह बेसुध खड़े रहने का वीडियो वायरल हो गया. घटना के बाद नशे, मानसिक स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.
चंडीगढ़ में एक अनोखी और चिंताजनक घटना सामने आई है. एक डिलीवरी करने वाले व्यक्ति को नशे के प्रभाव में या किसी अजीब हालत में लगभग दो घंटे तक एक आवासीय इलाके में बिल्कुल एक जगह खड़े रहते देखा गया. वह पूरी तरह बेसुध खड़ा रहा उसकी बॉडी में कोई मूवमेंट तक नहीं हो रही थी. इस वजह से आसपास रहने वाले लोगों में काफी घबराहट और चिंता फैल गई.
लोगों ने बताया कि उस व्यक्ति की पीठ पर डिलीवरी का बैग लदा हुआ था. वह बेसुध सा लग रहा था उसके मुंह में एक सिगरेट दबी हुई थी और वह लगातार एक ही दिशा में घूरता हुआ खड़ा था. उसके आसपास क्या हो रहा है, इसकी उसे बिल्कुल भी खबर नहीं थी. वह पूरी तरह से अपनी दुनिया में खोया हुआ लग रहा था.
पुलिस अधिकारीयों को किया सूचित
शुरुआत में इलाके के निवासी दूर से ही यह सब देख रहे थे. लेकिन जब उन्होंने देखा कि व्यक्ति का व्यवहार बहुत असामान्य है और वह घंटों तक नहीं हिल रहा है, तो उन्होंने पुलिस और अधिकारियों को सूचित कर दिया. पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. उन्होंने उस व्यक्ति को उठाया और उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गए. अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उसकी यह हालत किस वजह से हुई थी. हो सकता है कि वह नशे में हो, या कोई मानसिक समस्या हो, या फिर कोई और स्वास्थ्य संबंधी कारण हो. डॉक्टर उसकी जांच कर रहे हैं और सही कारण पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
लोगों में बेचैनी का माहौल
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स हैंडल पर काफी वायरल हो गया है. वीडियो में वह व्यक्ति सम्मोहन की अवस्था में दिख रहा है. उसकी आंखें बंद हैं और वह अपने हाथों में कुछ चीज को घूरता हुआ सा लग रहा है. ऐसा लग रहा हो रहा था जैसे वह गहरी नींद में सो रहा हो, जबकि वह खड़ा था. वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'आज चंडीगढ़ में बेचैनी का माहौल था… हमारे शहर में आखिर हो क्या रहा है?.
क्या बोले यूजर्स
इस घटना ने स्थानीय लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. लोग अब सार्वजनिक सुरक्षा, डिलीवरी वर्कर्स की काम की स्थिति और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के मुद्दे पर ज्यादा चर्चा कर रहे हैं. कई लोग कह रहे हैं कि ऐसे मामलों में समय पर मदद मिलनी चाहिए और शहर में लोगों की सुरक्षा के लिए बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए. एक यूजर ने राघव चड्ढा को टैग करते हुए कमेंट किया, 'इस समस्या पर ध्यान दीजिए. आप और आपकी सरकार पंजाब में इस समस्या को लेकर अंधे क्यों हैं? पहले राज्य की सेवा कीजिए, फिर राष्ट्र की सेवा करने का प्रयास कीजिए. भाषण देना तो बहुत आसान है.' दूसरे ने कहा, 'वह एक ऐसी दवा का सेवन कर रहा है जिसे आम तौर पर ज़ॉम्बी डोप कहा जाता है. यह फेंटानिल है, जो एक पावरफुल ओपिओइड पदार्थ है जिसका उपयोग दर्द इस्तेमाल बेहोशी या शांत होने के लिए किया जाता है। इसे पशु चिकित्सा में इस्तेमाल होने वाली दवा ज़ाइलाज़ीन के साथ मिलाया जाता है, जो मांसपेशियों को शिथिल करने वाली दवा है और जानवरों में अत्यधिक सुस्ती जैसी नींद लाती है. मनुष्यों के लिए इसका उपयोग प्रतिबंधित है. '




