जनसंघ के समय से शुरुआत, 20 साल में 15 साल सत्ता, इतना पुराना है अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन, आंकड़ों में जानें सक्सेस रेट
अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन जनसंघ के दौर से चला आ रहा है. 20 साल में 15 साल सत्ता, 2020 में टूट और 2026 में वापसी की पूरी कहानी आंकड़ों के साथ जानें.
पंजाब की राजनीति में अकाली दल और बीजेपी का रिश्ता महज चुनावी समझौता नहीं, बल्कि करीब छह दशक पुरानी सियासी साझेदारी है. जनसंघ के दौर से शुरू हुई यह दोस्ती सत्ता की साझेदारी तक पहुंची. आंकड़े बताते हैं कि 1997 से 2017 के बीच दोनों दलों ने मिलकर पंजाब में 15 साल सरकार चलाई. हालांकि, 2017 की हार और 2020 में कृषि कानूनों के विरोध के बाद गठबंधन टूट गया. अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के नेताओं ने एक बार फिर गठबंधन का ऐलान 24 नवंबर को कर दिया. सवाल है कि क्या पुराना चुनावी समीकरण दोबारा सत्ता तक पहुंच पाएगा?
अकालियों की जनसंघ से दोस्ती कैसे बढ़ी?
अकाली दल और जनसंघ की साझेदारी की शुरुआत 1967 में हुई, जब दोनों ने मिलकर पंजाब में सरकार बनाई. 1969 में भी गठबंधन सरकार बनी. 1977 में अकाली दल ने जनता पार्टी के साथ सत्ता साझा की. 1996 के मोगा घोषणा पत्र में पंजाबियत को केंद्र में रखकर अकाली दल ने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत की और 1997 में बीजेपी के साथ चुनावी गठबंधन किया.
सत्ता में कितनी बार मिली कामयाबी?
1997 से 2017 तक दोनों दलों का चुनावी सफर काफी सफल रहा. 1997 में गठबंधन ने 93 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की. 2002 में सीटें घटकर 44 रह गईं और कांग्रेस सत्ता में आ गई. 2007 में वापसी करते हुए गठबंधन ने 67 सीटें जीतीं. 2012 में 68 सीटों के साथ लगातार दूसरी बार सरकार बनाई. यानी तीन बार सत्ता मिली.
लोकसभा चुनावों में कितना दम?
लोकसभा चुनावों में भी दोनों दलों ने कई बार मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया. 1998 में 11 और 2004 में भी 11 सीटें जीतकर गठबंधन ने अपनी ताकत दिखाई. हालांकि, 2009 में यह आंकड़ा पांच रह गया. 2014 में छह सीटें मिलीं. 2019 में चार सीटों पर जीत मिली. 2024 में अलग-अलग लड़ने पर दोनों का प्रदर्शन कमजोर रहा.
किसानों ने कैसे तोड़ा गठबंधन?
सितंबर 2020 में कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए. हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और 26 सितंबर को अकाली दल ने एनडीए छोड़ दिया. नवंबर 2021 में कानून वापस होने के बावजूद रिश्ते नहीं सुधरे. 2022 और 2024 के चुनाव दोनों दलों ने अलग-अलग लड़े.
वापसी से क्या बदलेगा सियासी गणित?
2022 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन टूटने का असर साफ दिखा. आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जबकि अकाली दल को तीन और बीजेपी को सिर्फ दो सीटें मिलीं. अब 24 नवंबर 2026 को दोनों दलों ने 2027 चुनाव साथ लड़ने का ऐलान किया है. इससे पंजाब में मुकाबले का पुराना समीकरण फिर बदल सकता है.
अकाली भाजपा गठबंधन की अहमियत क्या?
पंजाब की राजनीति में अकाली दल और बीजेपी गठबंधन की अहमियत दोनों दलों के अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक आधार से जुड़ी है. अकाली दल की ग्रामीण, सिख और पंथक राजनीति में पकड़ रही है, जबकि बीजेपी का आधार शहरी और हिंदू मतदाताओं में रहा है. गठबंधन से दोनों को सीटों के बंटवारे, क्षेत्रीय विस्तार और चुनावी रणनीति में एक-दूसरे का सहयोग मिलता है. 2027 के चुनाव में यह साझेदारी पंजाब की राजनीति का एक अहम समीकरण होगी.




