AAP के 10 चेहरों पर BJP का दांव, पंजाब चुनाव में केजरीवाल-मान का कितना बिगड़ेगा खेल?
पंजाब में AAP के 7 सांसद और 3 विधायकों के BJP में जाने से सियासी हलचल तेज है. जानिए 2027 चुनाव से पहले केजरीवाल और भगवंत मान के सामने क्या चुनौतियां हैं.
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के सामने नई राजनीतिक चुनौती खड़ी हो गई है. अप्रैल में पार्टी के सात सांसदों और अब पूर्व मंत्री समेत तीन विधायकों के बीजेपी में जाने से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. इनमें राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और कुंवर विजय प्रताप सिंह जैसे चर्चित नाम शामिल हैं. बीजेपी इन नेताओं के सहारे पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है. वहीं, अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामने अपना संगठन एकजुट रखने और सरकार के कामकाज का बचाव करने की चुनौती है. ऐसे में सवाल है कि क्या अब बीजेपी के ये दस नए चेहरे 2027 के चुनाव में AAP के राजनीतिक समीकरण बदल पाएंगे? इन नेताओं में कितना है दम, लंबे समय में पंजाब की राजनीति में बड़े उलटफेर करने की कोशिश को इस बार साकार कर पाएंगे.
कौन हैं AAP छोड़कर BJP में आए 10 चेहरे?
बीजेपी में शामिल होने वाले सात सांसदों में राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल शामिल हैं. इनमें छह राज्यसभा सांसद पंजाब से हैं, जबकि स्वाति मालीवाल दिल्ली से राज्यसभा सांसद हैं. इन सातों सांसदों के बीजेपी में जाने का घटनाक्रम अप्रैल 2026 का है.
इसके बाद 2 नवंबर 2026 को पंजाब में AAP के तीन विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा बीजेपी में शामिल हुए. कुंवर विजय प्रताप पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं. चेतन सिंह जौड़ामाजरा पंजाब सरकार में मंत्री रह चुके हैं, जबकि हरमीत सिंह पठानमाजरा सनौर से विधायक रहे हैं. इन नेताओं ने पार्टी छोड़ने के पीछे सरकार की कार्यशैली और पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर सवाल उठाए हैं.
क्या पुराने और नए चेहरों के सहारे पंजाब में जगह बनाएगी BJP?
पंजाब में बीजेपी की सबसे बड़ी चुनौती अपना स्वतंत्र जनाधार बढ़ाने की रही है. पहले शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन के कारण पार्टी की राजनीति का बड़ा हिस्सा सहयोगी दल के साथ जुड़ा रहा. अब बीजेपी कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़, रवनीत सिंह बिट्टू और केवल सिंह ढिल्लों जैसे नेताओं के साथ अपना संगठन मजबूत करने में जुटी है.
AAP से आए सात सांसद और तीन विधायक इस कोशिश में नई कड़ी हैं. इन नेताओं की अलग-अलग क्षेत्रों में पहचान और राजनीतिक अनुभव है. राघव चड्ढा राष्ट्रीय राजनीति में चर्चित चेहरा हैं, हरभजन सिंह की पहचान क्रिकेट से जुड़ी रही है और संदीप पाठक संगठनात्मक राजनीति में भूमिका निभा चुके हैं. वहीं, कुंवर विजय प्रताप सिंह का पुलिस सेवा का अनुभव भी बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है. हालांकि, इन नेताओं की व्यक्तिगत पहचान को पार्टी के पक्ष में वोट में बदलना बीजेपी के सामने बड़ी चुनौती होगी.
क्या कानून-व्यवस्था और नशे का मुद्दा AAP के लिए बनेगा चुनौती?
बीजेपी में शामिल हुए नेताओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या, गैंगस्टरवाद और राज्य पर बढ़ते कर्ज को लेकर भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए हैं. इन मुद्दों पर बीजेपी पहले से ही AAP को घेरती रही है. अब पार्टी के पास ऐसे नेता भी हैं, जो सरकार का हिस्सा रह चुके हैं और उसके कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं.
कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व आईपीएस अधिकारी होने के साथ अमृतसर नॉर्थ से विधायक रहे हैं. ऐसे में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उनकी बात को बीजेपी अपनी राजनीतिक रणनीति में शामिल कर सकती है. वहीं, जौड़ामाजरा और पठानमाजरा भी सरकार की नीतियों और कामकाज को लेकर अपने अनुभव सामने रख सकते हैं. इससे AAP के सामने विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और अपनी उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की चुनौती होगी.
क्या वोट शेयर के आंकड़े BJP के लिए बढ़ा रहे उम्मीद?
पंजाब में बीजेपी के पिछले चुनावी आंकड़े भी उसकी राजनीतिक स्थिति को समझने के लिए अहम हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को करीब 6.6 फीसदी वोट मिले थे और वह 117 में से सिर्फ दो सीटें जीत पाई थी. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर बढ़कर 18.56 फीसदी हो गया. हालांकि, पार्टी राज्य की 13 लोकसभा सीटों में से एक भी सीट नहीं जीत सकी.
यह बढ़ोतरी बीजेपी के लिए एक संकेत जरूर है, लेकिन लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मुद्दे अलग होते हैं. विधानसभा चुनाव में स्थानीय उम्मीदवार, क्षेत्रीय मुद्दे और पार्टी का संगठन भी अहम भूमिका निभाते हैं. ऐसे में बीजेपी के सामने लोकसभा चुनाव में मिले वोटों को विधानसभा सीटों में बदलने की चुनौती होगी.
AAP के सामने संगठन बचाने की कितनी बड़ी चुनौती?
2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने 117 में से 92 सीटें जीतकर पंजाब में सरकार बनाई थी. लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को राज्य की 13 में से सिर्फ तीन सीटें मिलीं. इन नतीजों के बाद से ही पंजाब में AAP के राजनीतिक आधार और सरकार के कामकाज को लेकर चर्चा होती रही है.
अब सात सांसदों और तीन विधायकों के अलग होने के बाद पार्टी के सामने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने की चुनौती है. AAP को यह भी बताना होगा कि उसके नेता पार्टी क्यों छोड़ रहे हैं और सरकार के कामकाज को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब क्या है. दूसरी ओर, बीजेपी को नए नेताओं के अनुभव का लाभ उठाने के साथ अपना जमीनी संगठन भी मजबूत करना होगा.
2027 का विधानसभा चुनाव दोनों दलों के लिए अहम होगा. बीजेपी के सामने नए चेहरों के सहारे अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने की चुनौती है, जबकि AAP के लिए 2022 के प्रदर्शन को दोहराना आसान नहीं होगा. हालांकि, इन दस नेताओं के पाला बदलने से चुनाव का नतीजा तय नहीं होता. इसका वास्तविक असर इस बात से सामने आएगा कि ये नेता अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में कितना समर्थन जुटा पाते हैं और बीजेपी उन्हें संगठन में किस तरह जिम्मेदारी देती है.




