Begin typing your search...

कौन हैं आयरमैन कहे जाने वाले डॉ.राजेंद्र जायसवाल, जिन्होंने 63 की उम्र में खराब घुटनों के बावजूद नर्मदा में 25 किमी तैरकर रचा इतिहास

63 साल की उम्र, घुटनों में गंभीर परेशानी और फिर भी नर्मदा नदी में 25 किलोमीटर से ज्यादा की तैराकी. यह कहानी है उस शख्स की जिसने अपने जज़्बे से हर मुश्किल को छोटा साबित कर दिया. करीब 8 घंटे से अधिक समय तक लगातार तैरकर उन्होंने एक ऐसा कीर्तिमान बनाया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया.

Dr Rajendra Jaiswal
X
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत4 Mins Read

Updated on: 12 March 2026 12:27 PM IST

जब इरादे मजबूत हों तो उम्र, दर्द और मुश्किलें भी रास्ता नहीं रोक पातीं. नर्मदा नदी के शांत पानी में हाल ही में ऐसा ही एक नज़ारा देखने को मिला, जब 63 साल की उम्र में एक शख्स ने लगातार 25 किलोमीटर से ज्यादा की तैराकी पूरी कर सबको हैरान कर दिया.

खास बात यह रही कि जिन घुटनों की तकलीफ के कारण कभी चलना तक मुश्किल हो गया था, उन्हीं हालातों के बावजूद उन्होंने करीब 8 घंटे से ज्यादा समय तक बिना रुके पानी में तैरकर एक बड़ा कीर्तिमान बना दिया. दरअसल, यह ऐतिहासिक तैराकी करने वाले शख्स और कोई नहीं बल्कि आयरन मैन के नाम से मशहूर डॉ. राजेंद्र जायसवाल हैं, जिन्होंने यह साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो उम्र सिर्फ एक नंबर बनकर रह जाती है.

कौन हैं डॉ. राजेंद्र जायसवाल

ईटीवी भारत में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ. राजेंद्र जायसवाल मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया के रहने वाले हैं और खेल जगत में उन्हें “आयरन मैन” के नाम से जाना जाता है. उम्र के इस पड़ाव पर भी वे फिटनेस और खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए पहचाने जाते हैं. तैराकी, साइक्लिंग और लंबी दूरी की दौड़ जैसे कठिन खेलों में कई अचिवमेंट्स हासिल कर चुके जायसवाल का मानना है कि जिंदगी में कुछ कर गुजरने की आग व्यक्ति को नामुमकिन लगने वाली मंज़िल तक भी पहुंचा सकती है.

नर्मदा नदी में 25.65 किमी तैरकर बनाया रिकॉर्ड

11 मार्च को डॉ. राजेंद्र जायसवाल ने नर्मदापुरम जिले के पिपरिया क्षेत्र के पास मौजूद सांडिया के सीताराम घाट से अपनी तैराकी की शुरुआत की. सुबह लगभग 7 बजे उन्होंने नर्मदा नदी में उतरकर लंबी दूरी तय करने का फैसला किया. इसके बाद वे लगातार 8 घंटे 13 मिनट तक पानी में तैरते रहे और बिना रुके अपना सफर जारी रखा. करीब दोपहर 3 बजकर 13 मिनट पर वे मोतिलसिर घाट तक पहुंच गए, जहां उन्होंने कुल 25.65 किलोमीटर की दूरी तैरकर अपना लक्ष्य पूरा किया. इस शानदार अचीवमेंट को ऑफिशियली दर्ज कराने के लिए अब इसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल कराने का प्रोसेस भी शुरू कर दिया है.

आयरन मैन का खिताब भी कर चुके हैं हासिल

डॉ. राजेंद्र जायसवाल का खेल सफर केवल नर्मदा में स्वीमिंग तक नहीं है. वे कैलिफोर्निया में होस्ट आयरन मैन चैलेंज को भी पूरा कर चुके हैं. इस चुनौती में 3.8 किलोमीटर तैराकी, 180 किलोमीटर साइक्लिंग और 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ शामिल होती है. इतनी कठिन प्रतियोगिता पूरी करने वाले अपनी उम्र के गिने-चुने भारतीयों में वे शामिल हैं.

यंगस्टर्स के लिए क्या है मैसेज?

डॉ. राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि उन्हें देश में चलाए जा रहे फिट इंडिया अभियान से इंस्पिरेशन मिली. उनका मानना है कि इंसान की उम्र मायने नहीं रखती, असली फर्क उसके हौसले, अनुशासन और मेहनत से पड़ता है. अगर किसी व्यक्ति के भीतर कुछ कर दिखाने का जुनून हो, तो वह किसी भी पड़ाव पर नई मिसाल कायम कर सकता है और बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल करना मुमकिन हो जाता है.

MP news
अगला लेख