Bhooth Bangla का टीज़र हुआ रिलीज, भूतिया महल में फंसे अक्षय कुमार; देखें डर और कॉमेडी का डबल डोज
अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ का टीज़र रिलीज़ हो गया है, जिसमें डर और कॉमेडी का शानदार मिश्रण दिखाई दे रहा है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
अपकमिंग फिल्म 'भूत बंगला' (Booth Bangla) का टीज़र हाल ही में रिलीज़ हो गया है, और यह काफी धमाकेदार है. यह फिल्म अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन की वापसी का बड़ा हिंट है. दोनों की जोड़ी ने पहले कई सुपरहिट कॉमेडी फिल्में दी हैं, और अब वे हॉरर-कॉमेडी के साथ फिर से एक साथ आए हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली है.
टीज़र देखकर लगता है कि फिल्म में डर और हंसी का जबरदस्त मिश्रण होगा. कहानी एक बड़े, पुराने और डरावने महल के इर्द-गिर्द घूमती है. अक्षय कुमार का किरदार इस महल में पहुंचता है, और जैसे ही वह अंदर जाता है, अजीब-अजीब और डरावनी चीजें होने लगती हैं. टीज़र में दिखाया गया है कि एक शादी के दौरान गलती से कोई भयानक आत्मा या प्रेत बुला लिया जाता है, जिससे पूरा महल में अफरा-तफरी मच जाती है.
क्या है टीजर में?
महल में अलौकिक रहस्य छिपा हुआ है, जो हॉरर के साथ-साथ ढेर सारी कॉमेडी भी लाता है. प्रियदर्शन की स्टाइल में यह फिल्म पुरानी यादें ताजा कर देगी, जैसे उनकी पिछली हिट फिल्म 'भूल भुलैया'. फिल्म में कई पुराने और पसंदीदा कलाकार एक साथ नजर आएंगे. अक्षय कुमार के अलावा राजपाल यादव, परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी, जिशू सेंगुप्ता, मनोज जोशी, मिथिला पालकर और राजेश शर्मा जैसे कलाकार हैं. ये सभी प्रियदर्शन की पुरानी फिल्मों में काम कर चुके हैं, इसलिए यह एक बड़ा रीयूनियन जैसा लग रहा है. खास बात यह है कि टीज़र में असरानी जी भी दिखाई दिए हैं, और यह उनकी आखिरी फिल्मों में से एक होगी. असरानी जी के फैंस के लिए यह काफी इमोशनल मोमेंट है.
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी बहुत मशहूर है. उन्होंने मिलकर कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, जैसे:
- हेरा फेरी (2000)
- गरम मसाला (2005)
- भागम भाग (2006)
- भूल भुलैया (2007)
- दे दना दन (2009)
- खट्टा मीठा (2010)
फिर चलेगा कॉमेडी का जादू
14 साल बाद दोनों फिर से साथ आए हैं, और फैंस को उम्मीद है कि यह फिल्म भी पुरानी वाली कॉमेडी का जादू दोहराएगी, लेकिन इस बार हॉरर का तड़का लगाकर. फिल्म का प्रोडक्शन बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर किया है. प्रोड्यूसर हैं अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर. कपूर। सह-निर्माता फारा शेख और वेदांत बाली हैं.




