Begin typing your search...

केतन हत्याकांड को सही बताने वाली डॉ. मुस्कान सोनी कौन? 20 सेकेंड की स्टोरी लगाकर खुद का करियर किया बंटाधार- देखिए VIDEO

चर्चित केतन हत्याकांड में एक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक डॉक्टर महिला मुस्कान सोनी ने केतन हत्याकांड को सही बताया और कहा कि दो पुरुष क्या मर गए डर का माहौल पैदा हो गया है जिसके बाद मुस्कान पर क्या एक्शन हुआ आइए जानते हैं...

केतन हत्याकांड को सही बताने वाली डॉ. मुस्कान सोनी कौन? 20 सेकेंड की स्टोरी लगाकर खुद का करियर किया बंटाधार- देखिए VIDEO
X

बीते एक सप्ताह से पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड और मुख्य आरोपी सिया गोयल को लेकर लगातार नए-नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस जांच, डिजिटल सबूत और सोशल मीडिया पर चल रही बहस के बीच अब इस हाई-प्रोफाइल केस ने मेडिकल जगत तक हलचल मचा दी है. एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने मध्य प्रदेश की एक डेंटिस्ट के करियर पर ऐसा असर डाला कि उन्हें अपना पद गंवाना पड़ा और पांच साल के लिए संगठन से बाहर कर दिया गया.

सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट किस तरह किसी प्रोफेशनल की वर्षों की मेहनत, प्रतिष्ठा और भविष्य पर भारी पड़ सकती है, इसका ताजा उदाहरण डॉ. मुस्कान सोनी का मामला है. आरोप है कि उन्होंने केतन अग्रवाल हत्याकांड पर ऐसी टिप्पणी की, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ने मृतक के प्रति असंवेदनशील और आरोपियों के पक्ष में माना. पोस्ट वायरल होते ही देशभर में तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई.

बढ़ते विवाद के बीच ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डॉ. मुस्कान सोनी को मध्य प्रदेश इकाई के कोषाध्यक्ष पद से हटा दिया और पांच वर्षों के लिए उनकी सदस्यता निलंबित कर दी. अब यह मामला सिर्फ एक सोशल मीडिया पोस्ट का नहीं, बल्कि डिजिटल जिम्मेदारी, पेशेवर नैतिकता और सार्वजनिक जवाबदेही पर बड़ी बहस बन चुका है. आखिर डॉ. मुस्कान सोनी कौन हैं, उन्होंने क्या पोस्ट किया था और पूरा विवाद कैसे शुरू हुआ? आइए विस्तार से जानते हैं.

कौन हैं डॉ. मुस्कान सोनी?

डॉ. मुस्कान सोनी मध्य प्रदेश की एक दंत चिकित्सक (Dentist) हैं. वह सतना में पदस्थ हैं और लंबे समय से डेंटल प्रोफेशन से जुड़ी हुई हैं. वह ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) की मध्य प्रदेश इकाई में कोषाध्यक्ष (Treasurer) की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं. डेंटल समुदाय में उनकी पहचान एक सक्रिय पदाधिकारी के रूप में थी. हालांकि, एक सोशल मीडिया पोस्ट ने उनकी पेशेवर छवि पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया.

आखिर पूरा विवाद क्या है?

विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब डॉ. मुस्कान सोनी के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक स्टोरी शेयर होने का दावा किया गया. आरोप है कि उन्होंने पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स ने मृतक का मजाक उड़ाने और आरोपियों का बचाव करने वाला बताया. इंस्टाग्राम स्टोरी में कथित तौर पर #IHateMan हैशटैग का इस्तेमाल किया गया था. इसके अलावा ऐसी टिप्पणियां भी लिखी गईं, जिन्हें लोगों ने हत्या के आरोपी के प्रति सहानुभूति जताने और मृतक के प्रति असंवेदनशील माना. जैसे ही पोस्ट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुए, डॉ. मुस्कान सोनी को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं.

सोशल मीडिया पर क्यों मचा बवाल?

केतन अग्रवाल हत्याकांड पहले से ही देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है. ऐसे संवेदनशील मामले पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी सामने आने के बाद लोगों ने डॉ. मुस्कान सोनी की आलोचना शुरू कर दी. कई लोगों ने सवाल उठाया कि एक डॉक्टर, जिससे समाज संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद करता है, वह इस तरह की टिप्पणी कैसे कर सकता है. देखते ही देखते यह मामला मेडिकल समुदाय तक पहुंच गया और AIDSA पर कार्रवाई का दबाव बढ़ने लगा.

AIDSA ने क्या कार्रवाई की?

29 जून को AIDSA के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. दिवाकर मूडौतिया ने डॉ. मुस्कान सोनी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश जारी किया. संगठन ने कहा कि डॉ. मुस्कान सोनी को मध्य प्रदेश कोषाध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया. उनकी सदस्यता पांच वर्षों के लिए निलंबित कर दी गई. इस दौरान वे संगठन की किसी बैठक, सम्मेलन या आधिकारिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकेंगी. उन्हें संगठन का प्रतिनिधित्व करने या किसी अधिकार का इस्तेमाल करने की अनुमति भी नहीं होगी.

AIDSA ने अपने आदेश में क्या कहा?

संगठन ने अपने आदेश में कहा कि डॉ. मुस्कान सोनी का कथित आचरण AIDSA के संविधान, आचार संहिता और नैतिक मूल्यों का गंभीर उल्लंघन है. डॉ. दिवाकर मूडौतिया ने कहा कि 'हिंसा का समर्थन करने, अपराध को महिमामंडित करने या मृतक के प्रति असम्मान दिखाने वाले किसी भी बयान को AIDSA किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं कर सकता.' उन्होंने यह भी कहा कि संगठन Zero Tolerance Policy पर काम करता है और हर सदस्य से अपेक्षा की जाती है कि वह वास्तविक जीवन के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी जिम्मेदार व्यवहार करे.

क्या डॉ. मुस्कान सोनी ने माफी मांगी?

सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद डॉ. मुस्कान सोनी ने कथित तौर पर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी हटा दी. इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी. उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी गलत तरीके से समझी गई और उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था. हालांकि, AIDSA ने स्पष्ट कर दिया कि सिर्फ माफी मांगना पर्याप्त नहीं है और मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई जरूरी थी.

आखिर केतन अग्रवाल हत्याकांड क्या है?

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या हाल के महीनों की सबसे चर्चित आपराधिक घटनाओं में से एक रही है. जांच एजेंसियों के अनुसार, यह हत्या कथित तौर पर पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी. इस मामले में सिया गोयल समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं. पुलिस डिजिटल साक्ष्य, बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर जांच कर रही है. इसी हाई-प्रोफाइल केस को लेकर की गई कथित सोशल मीडिया टिप्पणी ने डॉ. मुस्कान सोनी को विवादों के केंद्र में ला दिया.

डॉक्टरों के लिए सोशल मीडिया क्यों बन रहा है चुनौती?

यह मामला सिर्फ एक डॉक्टर या एक पोस्ट तक सीमित नहीं है. पिछले कुछ वर्षों में मेडिकल काउंसिल, डॉक्टर संगठनों और प्रोफेशनल संस्थाओं ने सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार को लेकर सख्ती बढ़ाई है. विशेषज्ञों का मानना है कि डॉक्टरों का सार्वजनिक आचरण सीधे समाज के भरोसे से जुड़ा होता है. इसलिए किसी संवेदनशील अपराध, पीड़ित या मृतक पर असंवेदनशील टिप्पणी न केवल व्यक्तिगत छवि बल्कि पूरे पेशे की विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती है.

अगला लेख