12 मई से शुरू कहानी 12 मई पर ही खत्म, 1 साल में कैसे खुशी से मातम में पहुंचा ट्विशा शर्मा का परिवार
12 मई 2025 को जिस रिश्ते की शुरुआत खुशियों के साथ हुई थी, ठीक एक साल बाद वही तारीख शर्मा परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन गई. नोएडा की ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया, जो अब बेटी के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ रहा है.
12 मई 2025… यही वो दिन था जब नोएडा के शर्मा परिवार ने अपनी बेटी ट्विशा शर्मा के लिए नए रिश्ते की शुरुआत की थी. घर में खुशियों का माहौल था, बेटी की शादी तय हुई थी और हर किसी की आंखों में उसके सुनहरे भविष्य के सपने थे. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि ठीक एक साल बाद, 12 मई 2026 को यही तारीख उसी परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगी.
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा से भोपाल तक का सफर इस बार बेटी की विदाई या मुलाकात के लिए नहीं, बल्कि उसकी लाश लेने के लिए था. कुछ घंटे पहले तक मां से फोन पर घर लौटने की बात करने वाली ट्विशा अब हमेशा के लिए खामोश हो चुकी थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही वह मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी और आखिरकार उसकी जिंदगी दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई.
12 मई 2025 को मुलाकात और 1 साल बाद मौत
साल 2024 में ट्विशा और समर्थ पहली बार डेटिंग ऐप पर मिले थे. इसके बाद अगले साल 12 मई 2025 के दिन समर्थ के घरवाले ट्विशा की फैमिली से मिलने नोएडा गए थे. इसके बाद 9 दिसंबर 2025 को दोनों की शादी हो गई. परिवार से पहली मुलाकात के एक साल बाद उसी तारीख को ट्विशा की मौत हो गई.
मौत से पहले मां से कही ये बातें
31 साल की ट्विशा शर्मा ने 12 मई को मौत से कुछ घंटे पहले अपनी मां को फोन किया था. वह उस वक्त भोपाल स्थित अपने ससुराल में थी. बातचीत के दौरान उसने कहा कि उसका एबॉर्शन हो चुका है और अब वह वहां नहीं रहना चाहती. उसने मां से कहा कि उसका नोएडा का टिकट बुक कर दिया जाए. परिवार ने तुरंत 15 मई की फ्लाइट बुक कर दी. लेकिन ट्विशा उस सफर पर कभी नहीं जा सकी. कुछ ही देर बाद फोन कट गया और फिर उसकी आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई.
करीब 10 बजे हुई थी ट्विशा से आखिरी बात
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा के मुताबिक, रात करीब 10 बजे बेटी की मां से व्हाट्सऐप कॉल पर बात हो रही थी. लगभग 10 मिनट बाद कॉल अचानक कट गया. इसके बाद परिवार ने कई बार ट्विशा को फोन लगाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. फिर उन्होंने पति समर्थ सिंह और उसकी मां को कॉल किया. काफी देर बाद कॉल रिसीव हुआ और दूसरी तरफ से सिर्फ इतना कहा गया “वो नहीं रही” इसके बाद फोन फिर कट गया. यह सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
बॉडी पर थे कई निशान
उस रात शर्मा परिवार तुरंत नोएडा से भोपाल के लिए निकल पड़ा. अगले दिन सुबह जब वे वहां पहुंचे तो उन्हें पहले बेटी का शव देखने तक नहीं दिया गया. पिता का कहना है कि उस समय समर्थ और उसकी मां वहां मौजूद भी नहीं थे. जब आखिरकार उन्होंने ट्विशा को देखा तो पूरा परिवार टूट गया. मां जमीन पर गिर पड़ीं. पिता के मुताबिक, बेटी के शरीर पर चोट के कई निशान थे. जिस बेटी को उन्होंने हमेशा हंसते हुए देखा था, उसे उस हालत में देखकर परिवार बिखर गया.




