Schizophrenia, प्रेग्नेंसी रिवर्स करने के लिए गांजे का सेवन और गर्भपात... ट्विशा केस में हर खुलासा बन रहा रहस्य
ट्विशा शर्मा मौत मामले में सास ने दावा किया है कि वह Schizophrenia से पीड़ित थीं और प्रेग्नेंसी के दौरान उन्होंने भारी मात्रा में गांजा लिया था, ताकि प्रेग्नेंसी को रिवर्स किया जा सके.
Twisha Case: नोएडा की 33 वर्षीय महिला, जिसकी भोपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, उससे जुड़े दहेज प्रताड़ना मामले में अब नए दावे सामने आए हैं. महिला की सास Giribala Singh, जो सेवानिवृत्त जज हैं, ने दावा किया है कि उनकी बहू स्किजोफ्रेनिया जैसी मानसिक बीमारी से पीड़ित थी.
सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान सास ने कहा कि महिला ने मौत से पहले गर्भपात कराया था. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी बहू ने गर्भावस्था के दौरान भारी मात्रा में गांजा लिया था. इसी वजह उसने गर्भपात का फैसला लिया.
मृतका की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के एक वकील से हुई थी. महिला के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं. वहीं, ससुराल वालों ने इन आरोपों से इनकार करते हुए महिला की मानसिक स्थिति को लेकर कई दावे किए हैं.
सास ने क्या किया दावा?
सास ने कहा, “जब उसने मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) की पहली प्रक्रिया शुरू की, तो उसने कहा कि वह इसे वापस करना चाहती है. लेकिन मुझे पता था कि ऐसा संभव नहीं है. उसने हमें उस खुशी का एहसास भी नहीं होने दिया. यह बेहद दुखद है, कई युवा लड़कियां ऐसे कदम उठा लेती हैं.”
उन्होंने दावा किया कि उनकी बहू मानसिक रोगों का इलाज करवा रही थी और स्किजोफ्रेनिया से जुड़े लक्षणों की दवाएं ले रही थी. सास का कहना था कि महिला ने गर्भावस्था के दौरान मारिजुआना का सेवन करने की बात भी स्वीकार की थी.
उन्होंने कहा, “यहां आने के बाद उसके पास ड्रग्स की सप्लाई खत्म हो गई थी. उसने माना था कि गर्भावस्था को रिवर्स करने की कोशिश में उसने काफी मात्रा में मारिजुआना लिया था. उस समय उसकी काउंसलिंग भी हुई थी. वह स्किजोफ्रेनिया की दवाएं ले रही थी.”
सास ने यह भी कहा, “7 मई को उसने दवा ली होगी. उसने पूरा एमटीपी प्रोसेस पूरा किया और उस दौरान हमें उसका साथ देना पड़ा.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला को कंपन और विड्रॉल जैसे लक्षण भी होते थे.
मृतिका के परिवार ने क्या लगाए आरोप?
दूसरी ओर, मृतका के परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि शादी के बाद उनकी बेटी लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी थी. परिजनों के मुताबिक, महिला ने अपनी मां से कई बार कहा था कि वह अपने ससुराल में “फंस” गई है और वापस घर लौटना चाहती है.
व्हाट्सएप चैट्स में क्या मिला?
व्हाट्सऐप चैट्स के स्क्रीनशॉट में महिला ने लिखा था, “मैं तो बहुत बुरी तरह फंस गई हूं.” एक अन्य मैसेज में उसने कहा, “इन सबको लगता है कि मैं ड्रग्स करती हूं, इसलिए मेरा मूड हमेशा खराब रहता है.” उसने अपनी मां से यह भी कहा था, “मुझे बहुत ज्यादा घुटन हो रही है मां.”
गर्भपात के बाद पति ने क्या लगाए आरोप?
महिला ने कथित तौर पर अपनी मां को यह भी बताया था कि गर्भपात कराने की इच्छा जताने के बाद उसके पति ने उस पर बेवफाई का आरोप लगाया. चैट में उसने लिखा था, “मुझे पूछ रहा है वो किसका बच्चा था.”
अब मृतका के परिवार ने जांच और पोस्टमार्टम प्रक्रिया में गड़बड़ियों का आरोप लगाया है. परिवार ने AIIMS दिल्ली में स्वतंत्र पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. साथ ही शुरुआती जांच के दौरान फॉरेंसिक सबूतों को सुरक्षित रखने और संभालने में लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं.
कहां है आरोपी पति?
इस मामले में अदालत ने महिला की सास को अग्रिम जमानत दे दी है, जबकि मुख्य आरोपी पति की जमानत याचिका खारिज कर दी गई. पति फिलहाल फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर इनाम की घोषणा भी की है.




